Home » किसानों के भारत बंद आह्वान का देखने को मिलेगा असर, कई सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

किसानों के भारत बंद आह्वान का देखने को मिलेगा असर, कई सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

by admin

तीनों कृषि कानूनों का विरोध कर रहे कुछ किसान संगठन करीब 4 महीने से दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर्स पर डटे हुए हैं लेकिन अब अपनी मांगे मनवाने के लिए किसान संगठनों ने 26 मार्च को भारत बंद का ऐलान किया है। भारत बंद के असर से परिवहन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।बता दें सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में भारत बंद का असर देखने को मिल सकता है। भारत बंद की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं।

दरअसल कुछ किसान संगठनों ने आज शुक्रवार यानी 26 मार्च को भारत बंद का आह्वान किया है।इस दौरान रेल और सड़क परिवहन सेवाएं प्रभावित होने के कयास लगाए जा रहे हैं। अलावा इसके देश के कई हिस्सों में बाजार बंद हो सकते हैं।हालांकि किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को भारत बंद से अलग रखा है।आंदोलनकारियों की जो तस्वीरें हैं वे गाजीपुर बॉर्डर, अंबाला जी टी रोड ,रेलवे स्टेशन और ट्रांसपोर्ट रोड से सामने आई हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक भारत बंद सुबह 6:00 बजे से शुरू हुआ है और 26 मार्च की शाम 6:00 बजे तक चालू रहेगा।इस दौरान दिल्ली एनसीआर में रहने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।वहीं व्यापारिक संगठनों ने भारत बंद का सहयोग नहीं किया है। किसान नेताओं का कहना है कि किसी कंपनी या फैक्ट्री को बंद नहीं कराया जाएगा। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर जैसी जरूरत की सुविधाएं खुली रहेंगी।

दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने किसानों के भारत बंद आह्वान को देखते हुए भारी पुलिस बल जगह-जगह तैनात कर दिया है ताकि किसी प्रकार की समस्या से तुरंत निपटा जा सके वहीं पुलिस ड्रोन कैमरा से भी निगरानी कर रही है। राज्य के सभी बॉर्डर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। जिला पुलिस उपायुक्त बॉर्डरों पर खुद पेट्रोलिंग करेंगे। इस भारत बंद के दौरान ज्यादातर जगहों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

Related Articles