Agra. पुलिस अपराधियों व अज्ञात चोरों पर नकेल कसने में जुटी हुई है लेकिन अपने घर ही नहीं बचा पा रही है। अज्ञात चोरों के हौसले तो देखो कि उन्होंने पुलिसकर्मी के सूने घर को ही निशाना बना डाला। शातिर चोरों ने दिनदहाड़े पुलिसकर्मी के घर में घुसकर नकदी और लाखों के गहने चोरी किये और फरार हो गए लेकिन अज्ञात चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं।
घटना एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र के गायत्री कुंज की है। पीड़ित पुलिसकर्मी जयप्रकाश वर्तमान में फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाने में तैनात हैं। बताया जाता है कि शनिवार सुबह वो आगरा में ही अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए परिवार समेत गए थे। तभी पीछे से घर को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने इस घटना को अंजाम दे दिया। रविवार को को जब शादी समारोह से वापस लौटे तो घर के ताले टूटे हुए थे। सामान चेक करने पर घर से 20 हजार की नकदी और लाखों के जेवर गायब मिले।
पीड़ित सिपाही ने सीसीटीवी कैमरे चेक किये तो पता चला कि शनिवार दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर तीन युवक घर में घुसते दिखाई दिए और 12 बजकर 26 मिनट पर घर से निकल गए। यानी 21 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दी और फरार हो गए। पीड़ित पुलिसकर्मी ने इसकी सूचना क्षेत्रीय थाने में दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और सीसीटीवी फुटेज भी लिए। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडे के अनुसार चोरी की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।