Home » वाटर वर्क्स चौराहा पर डबल बाउल वॉटर फाउंटेन का हुआ शुभारंभ

वाटर वर्क्स चौराहा पर डबल बाउल वॉटर फाउंटेन का हुआ शुभारंभ

by admin
Double Bowl Water Fountain inaugurated at Water Works Chauraha

आगरा। ब्यूटीफुल आगरा बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महापौर नवीन जैन ने शहर के प्रमुख चौराहों में से एक वॉटर वर्क्स पर रंग बिरंगी रोशनी में नहाए डबल बाउल वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण किया। शाम ढलने के साथ जैसे ही महापौर ने मशीन का बटन दबाया वैसे ही वाटर फाउंटेन शुरू हो गया। वॉटर वर्क्स चौराहा के बीच में रंग बिरंगी रोशनी के बीच ऊंची-ऊंची पानी की लहरों के साथ यह फाउंटेन बेहद खूबसूरत लग रहा था। आने जाने वाले राहगीर भी इस ब्यूटीफुल फाउंटेन को देखने के लिए ठिठक गए। इस सुंदर फाउंटेन का शुभारंभ होने पर क्षेत्रीय लोग खुशी से फूले नहीं समाए और महापौर नवीन जैन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

लोकार्पण के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए महापौर नवीन जैन ने बताया कि आगरा शहर में विकास कार्य कराने के साथ-साथ हमने शहर को सुंदर बनाने का जो लक्ष्य लिया था उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे है। वाटर वर्क्स चौराहा शहर के सबसे प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों में से एक है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आगरा से अन्य शहरों में जाने के लिए और बाहरी शहरों से आए लोग यहां से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यह ब्यूटीफुल वॉटर फाउंटेन उन सभी लोगों का स्वागत करते हुए एक अच्छे और सुंदर आगरा की अनुभूति कराएगा।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि इससे पहले भी हम कावेरी कुंज कमला नगर, दीवानी चौराहा, छीपीटोला चौराहा, बलकेश्वर पार्क आदि जगहों पर वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण कर चुके हैं। महापौर ने बताया कि वाटर वर्क्स चौराहे पर तैयार किये गए इस फाउंटेन की लागत लगभग 14 लाख रुपये है। इसका रखरखाव करने के साथ 5 साल तक मेंटेनेंस करने का काम भी निजी कंपनी द्वारा किया जाएगा।

वहीं महापौर ने क्षेत्रीय लोगों से भी अपील की कि शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आस-पास क्षेत्र को साफ़ सुथरा बनाने के साथ संवारने में सहयोग अवश्य दें।

इस मौके पर बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल डॉ अमित अग्रवाल ग्वाला, पार्षद विमल गुप्ता, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद हरिओम गोयल, मंडल महामंत्री रवि अग्रवाल, लाल सिंह शाक्य, चंद्रेश गर्ग, पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Related Articles