आगरा। बुधवार रात को आये आंधी और तूफान के कहर से पूरा जिला अस्त-व्यस्त हो गया है। 130 किलो मीटर की रफ़्तार से आये तूफान से आगरा जिले में जान माल का भारी नुकसान हुआ है।
इस तूफान ने आगरा प्रशासन की भी नींद उड़ा दी है। सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। गुरूवार सुबह से ही जिला प्रशासन जान-माल के आंकलन में जुट गया। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार आगरा जिले में 15 लोगों की इस प्राकृतिक कहर से जान चली गयी।
जिला प्रशासन के अनुसार सर्वाधिक 7 मौत सदर तहसील में हुई हैं और किरावली तहसील में 5 लोगों की जान गयी। यह सब मृतक ग्रामीण क्षेत्र से है। जिला प्रशासन ने इन सभी मृतकों को चार-चार लाख रूपए मुआवजे की घोषणा कर दी है। मृतकों को यह आर्थिक मदद जिलाधिकारी राहत कोष से दी जायेगी। जिसके लिए प्रशासन जरुरी कार्यवाही को पूरा कर रहा है।
इतना ही नहीं किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन के लिए जिला प्रशासन ने लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मचारीयों को लगा दिया है जो हर गांव में जाकर किसानो के फसल व अन्य नुकसान का आंकलन कर रहे हैं और इसकी रिपोर्ट जल्द ही जिला प्रशासन को सौपेंगे जिससे किसानों की भी आर्थिक मदद हो सके।