Agra. अगर आप फतेहाबाद निवासी है और अपने किसी परिजन का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गए हैं तो उस प्रमाण पत्र को लेने से पहले उसकी अच्छे से जांच पड़ताल कर लीजिएगा। कहीं ऐसा न हो कि मृतक की जगह आप ही का मृत्यु प्रमाण पत्र बन गया हो। ऐसा ही एक मामला फतेहाबाद नगर पंचायत कार्यालय से सामने आया है, जहाँ नगर पंचायत कर्मचारियों ने मृतक का नहीं बल्कि मृतक के जीवित भाई का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर दे दिया है। मृतक के भाई ने उस प्रमाण पत्र को सही कराने के लिए नगर पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा रहा है।
नगर पंचायत कार्यालय फतेहाबाद के एक जीवित व्यक्ति अपनी मृत्यु का प्रमाण पत्र लेकर चक्कर लगा रहा है। व्यक्ति जीवित है लेकिन विभागिय कार्यालय कर्मचारियों की गलती से उसे कागजो में मृत घोषित कर दिया है।

मामला फतेहाबाद कस्बे की नगर पंचायत से जुड़ा हुआ है। पीड़ित पीयूष ने बताया कि उसके भाई की 13 मार्च को एक हादसे में मौत हो गयी थी। भाई का मृत्यु सर्टिफिकेट बनवाने के लिए उसने नगर पंचायत में फॉर्म जमा किया था। जिसमें मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित सारी कागजी कार्यवाही पूरी थी लेकिन नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारियों ने उसके मृत भाई जीतू का नहीं बल्कि उसका खुद का मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया।
पीड़ित पीयूष ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर मृत्यु प्रमाण पत्र सही करवाने के लिए कहा था। उसके बाद प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत में उसे ठीक कर मृतक के नाम पर भी मृत्यु सर्टिफिकेट बनाकर दे दिया है।