Home » पं. नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, योगी सरकार से की ये मांग

पं. नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, योगी सरकार से की ये मांग

by admin

आगरा। देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्य तिथि श्रद्धभाव के साथ मनाई गई। जिला व शहर कार्यालय पर आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में सभी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. प. नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित के नेतृत्व में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने माथे पर काली पट्टी बांधकर उपवास रखते हुये उत्तर प्रदेश सरकार की तानाशाही का विरोध किया और मांग की गई कि गिरफ्तार किये गये प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की जल्द रिहाई की जाय, साथ ही पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, विवेक बंसल व पंकज मलिक पर लगाए गए मुकदमे वापस लिए जाए। क्योंकि लल्लू जी व सभी कांग्रेस जन श्रमिकों व जनता के बीच सेवा कार्य कर रहे थे। इस संबंध में जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने राजपाल के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प. नेहरू सही मायने में युग दृष्टा थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में दूरदर्शिता का परिचय देते हुए देश में मेडिकल कॉलेज, अनुसंधान केन्द्र, बड़े बड़े विश्व विद्यालय सहित अनेक संस्थानों की स्थापना कराई, जिस पर प्रत्येक देशवासी को गर्व होता है।

पूर्व प्रदेश सचिव विनोद बंसल ने कहा कि ‘महामारी के इस भीषण दौर में अमेरिका जैसा देश भारत से जिन दवाओं की मांग कर रहा है, उनका उत्पादन भी नेहरू जी के कार्यकाल में हुआ था जोकि देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।’

कांग्रेस जनों ने ज्ञापन के माध्यम से लॉकडाउन में सेना के सेवा निवृत्त सूबेदार, आगरा की दो बहनों को कल टूंडला में जीआरपी पुलिस द्वारा पिटाई, व आज कमला नगर में ट्रांसपोर्ट व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट, व दवा लेने जा रहे व्यक्ति के वाहन का चालान किए जाने की कड़े शब्दों में भर्त्सना की और कहा कि आप पुलिस के द्वारा खुलेआम सड़कों पर जो अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, उसको अविलंब रोके व दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो कांग्रेस जन आम जनता, व्यापारी वर्ग, महिलाओं पर किए जा रहे अत्याचारों के विरूद्ध सड़कों पर उतर कर विरोध करने को बाध्य होंगे।

जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर अपने साथियों सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि ‘नेहरू जी ने भारत में तकनीक तथा भारी उद्योगों की आधारशिला रखी है जो आज देश की तरक्की की बुनियाद है। यह नेहरू जी के प्रयासों का ही परिणाम है कि दुनिया में जिस देश को सपेरों और बाबाओं का देश कहकर बुलाते थे आज वह दुनिया में तकनीकी रूप से सक्षम है तथा दुनिया के अन्य देशों के साथ मुकाबले में खड़ा है।’

इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में प्रताप सिंह बघेल, यशपाल सिंह राना, संजय शर्मा, संजय तिवारी, रविंद्र प्रताप धाकरे आदि ने भाग लिया और प. नेहरु की पुण्यतिथि पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Related Articles