Home » आगरा पहुंचे काँग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर बोला हमला, पार्टी जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर ये कहा…

आगरा पहुंचे काँग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर बोला हमला, पार्टी जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर ये कहा…

by admin

आगरा। टूंडला विधानसभा पर हो रहे उपचुनाव की तैयारियां व संगठन की समीक्षा के लिए शुक्रवार को आगरा आये उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में बढते अपराध को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश में सरकार पूरी तरह से फेल है। प्रदेश में जंगल राज है और अपराध पूरी तरह से चरम पर है। आधी आबादी सुरक्षित नहीं है। उनकी हत्याएं हो रही है। सीओ और एसडीएम की मौजूदगी में हत्या हो रही है और अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे है। प्रदेश में अपराधी व अफसर मस्त है और जनता त्रस्त है। जनता सब देख रही है और यूपी की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में जनता जवाब देगी और जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस जीत हासिल करेगी। ये कहना है कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू का।

शुक्रवार को संगठन की ओर से छीपीटोला स्थित डॉ बी. आर. अम्बेडकर सामुदायिक भवन पर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू 18 जिलों के जिला एवं शहर संगठन की समीक्षा करने आये थे। मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए साफ कहा कि प्रदेश असुरक्षित हाथों में है, यूपी में प्रतिदिन जंगलराज की नई इबारत लिखी जा रही है। चित्रकूट, गोंडा, बलिया और बाराबंकी और आगरा में जिंदा जलाकर महिला की हत्या जैसी घटनाएं इसका उदाहरण है जो योगी सरकार के माथे पर कलंक है। अहंकार में डूबी मोदी योगी सरकार की तानाशाही चरम पर है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि जनता, किसानों और बेरोजगारों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार उनकी आवाज उठा रही है। इन विरोध प्रदर्शन से सरकार घबराई हुई है इसलिए तो कांग्रेसियों को दबाने के लिए मुकदमे कराये जा रहे है।

प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का काम चल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता दिन-रात जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं की लड़ाई लड़ रहे हैं। हम संगठन को मजबूत बनाकर 2022 में प्रदेश में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। प्रदेश में सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में उन्होंने जनता का आशीर्वाद मिलने की बात कही।  

टोरेंट पावर प्रकरण को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन आगरा में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट मिल गयी है। उपचुनाव के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। पार्टी के फ्रंटल संगठनों का गठन दिसम्बर तक कर लिया जाएगा। 

Related Articles