Home » गैस सिलेंडर दाम वृद्धि के ख़िलाफ़ कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, एमजी रोड पर निकाला पैदल मार्च

गैस सिलेंडर दाम वृद्धि के ख़िलाफ़ कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, एमजी रोड पर निकाला पैदल मार्च

by admin

Agra. ‘होली के पावन पर्व पर लोग होली की बधाई देते हैं, मिठाई देते हैं और रंग देते हैं लेकिन मोदी सरकार ने होली पर देश की जनता को घरेलू व कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर मूल्यवृद्धि करके महंगाई का तोहफा दिया है। इस तोहफे ने देशवासियों की होली में रंग भरने के बजाए उसे बेरंग कर दिया है।’ कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया आगरा जिला मुख्यालय में सुनाई दे रही थी।

शुक्रवार को शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से तेल कंपनियों द्वारा घरेलू व कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई मूल्यवृद्धि के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर कांग्रेस कमेटी एमजी रोड स्थित कार्यालय से पैदल मार्च और नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुँचे। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली गैस सिलेंडर लेकर जमकर नारेबाजी की और घरेलू व कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर हुई मूल्यवृद्धि के लिए सरकार पर जमकर निशाना साधा।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने एसीएम चतुर्थ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार से जल्द से जल्द गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग उठाई। ऐसा न होने पर कांग्रेस के सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने कहा कि होली पर्व से पहले मोदी सरकार की ओर से आधी आबादी को बहुत बड़ा झटका दिया है। पहले से ही आधी आबादी का रसोई बजट बिगड़ा हुआ है और इस सरकार में एक बाद फिर घरेलू गैस सिलेंडर पर ₹50 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹350 बढ़ा कर जले पर नमक छिड़कने का काम कर दिया है। जिसे किसी भी कीमत पर जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

शहर अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार कम हो रही हैं व इसके अतिरिक्त रूस से भी बहुत सस्ता कच्चा तेल देश को मिल रहा है फिर ऐसी स्थिति में गैस सिलेंडर के दाम क्यों बढ़ाए जा रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ने से आम आदमी के साथ साथ महिलाओं की रसोई का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है, क्योंकि आम आदमी की आमदनी में कोई भी बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।

वरिष्ठ कांग्रेसी राम टंडन ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जनता की जेब पर गैस के मूल्य व महंगाई बढ़ाकर जो खुला डाका डाल रही है, उसको तत्काल रोकने व वापिस लेने के आदेश केंद्र सरकार को दें।

जिला प्रवक्ता अनुज शिवहरे ने कहा कि जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गैस महंगी करके देश की महिलाओं पर अत्याचार किया है। इससे लगातार देश में महंगाई का फिर से सामना करना पड़ेगा इसको जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। 2024 के चुनाव में जनता मुंहतोड़ जवाब देगी और सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

आंदोलन करने वालों में दिनेश बाबू शर्मा, अनिल शर्मा, हाजी जमील उद्दीन कुरेशी, राम टंडन, अजहर वारसी, अनुज शर्मा, अपूर्व शर्मा, सिकंदर सिंह बालमीक, विनोद जरारी, गौरव शर्मा, नंदलाल भारती, रत्ना शर्मा, लक्ष्मीनारायण सिंह आदि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Comment