Home » रामलीला मैदान पर कांग्रेस ने निभाई वर्षों पुरानी परंपरा, फहराया राष्ट्रीय ध्वज

रामलीला मैदान पर कांग्रेस ने निभाई वर्षों पुरानी परंपरा, फहराया राष्ट्रीय ध्वज

by admin

आगरा। आजादी के बाद से ही बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान पर राष्ट्रीय पर्व मनाते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने की परंपरा को कांग्रेस पार्टी ने आज भी जारी रखा है। गुरुवार को शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान पर 74वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सेवादल के कार्यकर्ता परंपरा निभाते हुए शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू को ध्वजारोहण स्थल पर ले गए। शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने ध्वजारोहण किया और उसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर ध्वज को सलामी भी दी।

ध्वजारोहण के बाद शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू की ओर से सभी को भाईचारा बनाये रखने और देश की एकता व अखंडता बनाये रखने की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान को बनाए रखने और उसके अनुसार ही जीवन का अनुपालन करने की शपथ ली, साथ ही देश की विघटनकारी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही। कहा कि इस देश में भाईचारा और देश की एकता अखंडता बनी रहे।

मीडिया से वार्ता करते हुए शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने बताया कि आजादी के बाद से रामलीला मैदान पर राष्ट्रीय पर्व को मनाये जाने का सिलसिला शुरू हुआ है जो आज भी कायम है। उस समय सर्व समाज व सभी पार्टियों के लोग मिलकर ध्वजारोहण करते थे। देश की अखण्डता और भाईचारा बनाये रखने का संकल्प लेते थे लेकिन राजनीति महत्वकांक्षा के चलते अपने अपने दल बनाकर समाज को जाति और धर्म में बांट दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सांप्रदायिकता को खत्म करने धर्म जाति और पार्टी में बैठे लोगों को एक सूत्र में बांधने के लिए ही भारत जोड़ो यात्रा चला रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम टंडन का कहना था कि कि आजादी के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता इस परंपरा को निभाते हुए विघटनकारी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब दे रही हैं। उनका कहना है कि पहले गोरों से लड़ना पड़ रहा था लेकिन अब चोरों और झूठ बोलने वालों से लड़ना पड़ रहा है। इस लड़ाई को कांग्रेस का कार्यकर्ता बखूबी लड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Comment