Home » आगरा में प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा यात्रा को लेकर कांग्रेसी नेताओं ने की तैयारियों की समीक्षा

आगरा में प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा यात्रा को लेकर कांग्रेसी नेताओं ने की तैयारियों की समीक्षा

by admin
Congress leaders review preparations for Priyanka Gandhi's pledge visit in Agra.

Agra. 30 अक्टूबर को आगरा में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा आ रही है। इस यात्रा के स्वागत और यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रभारी श्याम सुंदर उपाध्याय ने कांग्रेस से दावेदारी कर रहे दावेदारों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान प्रतिज्ञा यात्रा के लिए किस तरह की तैयारियां की गई हैं उसकी समीक्षा की गई, साथ ही यात्रा को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

तैयारियों की हुई समीक्षा

कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा शनिवार रात को आगरा पहुंचेगी और रविवार सुबह राजेश्वर मंदिर से इस यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा के दौरान यात्रा रूट पर यात्रा के स्वागत स्थल और यात्रा के रूट पर होर्डिंग लगाए जाने की समीक्षा की गई। आगरा प्रभारी श्याम सुंदर उपाध्याय ने कांग्रेस से दावेदारी कर रहे दावेदारों से यह तक पूछा कि उन्होंने कितने हार्डिंग से लगाए हैं और यात्रा को लेकर उनकी क्या तैयारी है।

धाकरन चौराहे पर होगा भव्य स्वागत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार ने बताया कि राजेश्वर मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा बिजलीघर और फिर मंटोला होते हुए ढाकरान चौराहा पहुंचेगी, जहां पर इस यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह यात्रा में शामिल लोगों के ऊपर पुष्प वर्षा कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा।

मंटोला में होगी जनसभा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पार्षद शिरोमणी सिंह ने बताया कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा बिजली घर होते हुए जब मंटोला पहुंचेगी तो वहां पर एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में प्रदेश नेतृत्व की ओर से भेजे गए पार्टी नेताओं द्वारा इस यात्रा को संबोधित किया जाएगा। इसके लिए मंटोला में एक मंच भी तैयार किया गया है। इस मंच पर यात्रा को लेकर आ रहे पार्टी नेता और स्थानीय वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

आगरा में कांग्रेस को मिलेगी संजीवनी

वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण गप्पी का कहना है कि इस यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से शुरू की गई इस यात्रा से आगरा जिले में कांग्रेस को संजीवनी मिलेगी। जिस तरह से प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतरी हैं उससे आगरा जिले का हर कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित है। पूरे मनोबल के साथ कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और उसकी जीत सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है। प्रतिज्ञा यात्रा के आगमन के दौरान यह कार्यकर्ता यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।

वाल्मीकि प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण

वरिष्ठ कांग्रेसी प्रेम सिंह सविता ने बताया कि इस यात्रा का सुभाष पार्क के सामने वाल्मीकि वाटिका पर यात्रा का स्वागत होगा। यात्रा को लेकर आगरा आ रहे कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता महर्षि वाल्मिकी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे जिसके बाद यह यात्रा आगे के लिए रवाना होगी। वाल्मीकि वाटिका पर इस यात्रा के स्वागत के लिए भव्य मंच सजाया जाएगा।

कलक्ट्रेट पर रहेगा आधे घंटे का ठहराव

आगरा आ रही कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा रविवार को जब पूरे शहर में भ्रमण करेगी तो दोपहर के समय जिलाधिकारी कार्यालय के समीप स्थित हाजी जमील उद्दीन के यहां इस यात्रा का लगभग आधे घंटे के लिए ठहराव रहेगा। यहां पर इस यात्रा में शामिल सभी लोगों को भोजन कराया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेसी अनवर सिद्दीकी का कहना था कि इस यात्रा में शामिल सभी लोगों की भोजन की व्यवस्था की गई है जिससे यात्रा में शामिल लोगों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा से होंगे रूबरू

उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ पश्चिमी जोन के चेयरमैन विनोद बंसल ने बताया कि यह यात्रा भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। इस यात्रा के माध्यम से प्रियंका गांधी की ओर से जो 8 प्रतिज्ञाएं की गई हैं उनसे आम जनमानस को रूबरू कराया जाएगा। इस यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह वेलकम गेट बनाए गए हैं, यह भव्य द्वार आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू का कहना है कि इस यात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से जुटे हुए हैं। तैयारियां अंतिम दौर में है। शनिवार रात्रि को यह यात्रा आगरा पहुंच जाएगी। रात्रि में इस यात्रा का ठहराव आगरा ही रहेगा और रविवार को यह यात्रा राजेश्वर मंदिर से प्रारंभ होगी जो दोपहर को सेल्फी प्वाइंट पहुंच कर ग्रामीण विधानसभा के लिए रवाना होगी।

Related Articles