Home » बृज में हो रही जय-जयकार, नंद घर लाला जायो है…

बृज में हो रही जय-जयकार, नंद घर लाला जायो है…

by admin

आगरा। भक्ति के आनन्द में डूबा सभी भक्तों का हृदय। फूलों और गुब्बारों से सजा कथा स्थल और श्रीहरि के जन्मोत्सव में हिस्सा लेने आज विशेषरूप से सज-धज कर पहुंचे श्रद्धालू। हर तरफ भक्ति की उमंग और उत्साह का माहौल था। सूर्य नगर समाधि पार्क स्थिति मंदिर मे आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में आज नन्दोत्सव और श्रीराम के जन्म का उत्सव मनाया गया। जहां श्रीहरि के जन्म की खुशी में खूब उपहार, खेल खिलौने लुटाए गए। जिन्हें प्रसाद के रूप में पाने को हर भक्त में होड़ थी। इनाया ने श्रीकृष्म का रूप धरा व सुमन्त शर्मा और मनीषा नन्द व देवकी के स्वरूप में मौजूद थे।

व्यासपीठ पर बैठे भगवताचार्य श्रीदिनेश दीक्षित के मुखारविन्द से जैसे की श्रीकृष्ण के जन्म का वर्णन हुआ, सभी भक्त हाथ ऊपर करके जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाने लगे। उत्सव ऐसा मानो कथा स्थल गोकुल धाम बन गया हो। अजामिल की कथा के माध्यम से भगवान के नाम की शक्ति को बताया। कहा जीवन भर पाप और दुष्कर्म करने के बाद भी श्रीहरि के नाम से मुक्ति प्राप्त की। वस्तु स्थिति ज्ञान की अपेक्षा नहीं बल्कि प्रभाव की अपेक्षा रखती है। जिस तरह जाने अनजाने में हम विष पी ले तो मृत्यु और अमृत पी लेने पर अमृत्व प्राप्त होता है, इसी तरह जाने अनजाने में ही सही ईश्वर का नाम लेने से उसका लाभ मिलता ही है।

भरत की कथा के माध्यम से बताया कि मोह को त्याग कर मोक्ष के लिए श्रीहरि के चरणों में आना ही पड़ता है। वामन अवतार, भक्त प्रह्लाद चरित्र की कथा का भी संगीतमय वर्णन कर श्रीहरि की महिमा को बताया। कथा में सोमवार को पांचवे दिन श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। मंच संचालन आशुतोष शर्मा ने किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से गीता सिंह, भावना तेलंग, राखी शर्मा, लोकेश शर्मा, संदीप गुप्ता, डॉ. महावीर सिंह राजपूत, डॉ. डीपी शर्मा, श्रद्धा दीक्षित, डॉ. सुवर्चा शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment