Home » दर्जनों कांग्रेसियों पर दर्ज हुए मुकदमे, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा- लखनऊ के इशारे पर चल रहा है प्रशासन

दर्जनों कांग्रेसियों पर दर्ज हुए मुकदमे, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा- लखनऊ के इशारे पर चल रहा है प्रशासन

by admin

आगरा। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व एमएलसी और पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन व हंगामा करने के मामले में कांग्रेसियों के खिलाफ भी क़ानूनी कार्यवाही हुई है। पुलिस की इस कार्यवाही से कांग्रेस के जिला व शहर अध्यक्ष भी नही बचे हैं। दर्ज हुए दो मुकदमे में जिला और शहर अध्यक्ष समेत कई लोग नामजद हैं। पुलिस द्वारा कांग्रेसियों पर मुकदमे दर्ज किए जाने पर कांग्रेसियों में ख़ासा आक्रोश देखा जा रहा है।

बुधवार को पुलिस लाइन के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी करने पर नाई की मंडी थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित और प्रदेश महासचिव शबाना खंडेलवाल को नामजद किया है। जबकि नौ पदाधिकारी और कई अज्ञात कार्यकर्ता हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लघंन की धारा में कार्रवाई की है जबकि दूसरा मुकदमा न्यू आगरा थाने में दर्ज किया गया है। इसमें दीवानी के गेट संख्या एक पर हुए हंगामे का मामला है। लखनऊ पुलिस द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार करने के विरोध में कांग्रेसियों ने हंगामा किया था। वे पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए थे जिसका मुकदमा न्यू आगरा में हुआ है।

इंस्पेक्टर न्यू आगरा उमेश चंद ने बताया आरोपियों में जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष बिलाल अहमद नामजद हैं। इसके अलावा अज्ञात 50 लाेगों को भी आरोपित बनाया है। सभी के खिलाफ लॉकडाउन और धारा 144 के उल्लंघन में कार्रवाई की है।

जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित और शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे को लेकर आईडी श्रीवास्तव, प्रदीप जैन सीए, गोपाल गुरु और राजीव गुप्ता ने कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए कहा है कि कांग्रेस जन इससे बिल्कुल भी भयभीत नहीं है और स्थिति सामान्य होते ही शासन प्रशासन के तानाशाही रवैये के खिलाफ आंदोलन करेंगे। कांग्रेस अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में अपनी भावना को प्रकट कर रहा था लेकिन जिस प्रकार से प्रशासन ने लखनऊ की सत्ता के इशारे पर निहत्थे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दौड़ा दौड़ा कर लाठी चार्ज किया गया, वह निंदनीय है।

वरिष्ठ कांग्रेसी विनोद बंसल और मधुरिमा शर्मा ने कहा है कि प्रशासन ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विवेक बंसल, प्रदीप माथुर के खिलाफ जो झूठे मुकदमे लगाए हैं, उसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है, लल्लू भैय्या प्रदेश के लाखों मजदूरों की लड़ाई लड़ रहे हैं।

चंद्र मोहन जैन और गीता सिंह ने कहा है कि हम लोगों को स्थानीय प्रशासन से कोई भी शिकायत इसलिए नहीं है कि प्रशासन लखनऊ की सत्ता के इशारे पर इस प्रकार की कार्यवाही कर रहा है, इसलिए कांग्रेस की लड़ाई प्रदेश बीजेपी की निकम्मी, निष्क्रिय, नाकारा सरकार से है।

Related Articles