आगरा। एक्सप्रेस वे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तेज रफ्तार इन हादसों का सबब बन रही है। शनिवार सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी एक भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस के साथ-साथ यूपीडा को दी। घटना की जानकारी होते ही डौकी थाना पुलिस और यूपीडा की एम्बुलेंस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने कार सवार घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
घटना थाना डौकी क्षेत्र के गांव नदौता के पास की है। बताया जाता है कि कार सवार लखनऊ एक्सप्रेस वे से होते हुए औरैया से आगरा की ओर जा रहे थे। नदौता गांव के पास स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि यह हादसा चालक के झपकी आने के कारण हुआ। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है और उनके परिजनों को इस घटना की जानकारी दे दी है।