Home » प्रेमिका को दिल्ली से लाया आगरा तो लड़की के घरवालों ने प्रेमी को ही उठा लिया

प्रेमिका को दिल्ली से लाया आगरा तो लड़की के घरवालों ने प्रेमी को ही उठा लिया

by admin
Brought the girlfriend from Delhi to Agra, then the girl's family members picked up the lover

एक युवक प्रेमिका को दिल्ली से आगरा ले आया। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन उससे पहले ही युवक को युवती की माँ और उसके साथ आये पड़ौसी उठा कर ले गए।

आगरा। शाहगंज का एक युवक प्रेम संबंध में दिल्ली की युवती को आगरा ले आया। शुक्रवार को युवती की मां अपने पड़ोसी दंपति के साथ आई और बेटी व उसके प्रेमी को कार में अगवा कर ले गई। आरोप है कि युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। इधर, अगवा की सूचना पर पुलिस पीछे लग गई और 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को पकड़कर युवक को छुड़ा लिया।

शाहगंज का मोहर सिंह दिल्ली में जूते की फैक्टरी में काम करता था। किराये के मकान में रहता था। एक साल पहले उसकी दोस्ती पड़ोस में रहने वाली युवती से हो गई। प्रेम संबंध में 27 जून को मोहर सिंह युवती को अपने साथ आगरा ले आया। दोनों शादी करना चाहते थे। मोहर सिंह की बहन रामनगर पुलिया क्षेत्र में रहती हैं। मोहर सिंह युवती के साथ अपनी बहन के घर रहने लगा। उधर, युवती के परिजन बेटी की तलाश में लगे थे। उन्हें बेटी के आगरा में होने की जानकारी मिली।

शुक्रवार शाम को वह मोहर सिंह की बहन के घर आ पहुंचे। आरोप है कि युवती की मां लक्ष्मी अपने पड़ोसी मंगल सिंह और उसकी पत्नी ममता के साथ आई थीं। उन्होंने बेटी और उसके प्रेमी को पकड़ लिया। इसके बाद कार में दोनों को उठा ले गए। भीड़ जुट गई। आरोप है कि तीनों मोहर सिंह की हत्या की धमकी दे रहे थे। जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कार का पीछा किया। आरोपी हाईवे पर मथुरा होते हुए दिल्ली की तरफ गए थे। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया।

थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि मोहर सिंह की मां मीना देवी की तहरीर पर अपहरण और जान से मारने की धमकी में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों मंगल, ममता और लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने बेटी को एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया था। मोहर सिंह को अपने साथ लेकर कहीं जा रहे थे। आशंका है कि मोहर सिंह के साथ वो वारदात करने वाले थे। अब युवती को बरामद करने का प्रयास पुलिस कर रही है।

Related Articles

Leave a Comment