Home » खेत में मिला प्रेमी युगल का शव, ऑनर किलिंग की आंशका

खेत में मिला प्रेमी युगल का शव, ऑनर किलिंग की आंशका

by pawan sharma

आगरा। कागारोल थाना क्षेत्र के विश्रामपुर माईनर पर उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने युवक युवती के शव को खेत में पड़ा हुआ देखा। दोनों को देखकर ग्रामीणों को पहचान करने में थोड़ा भी समय नही लगा और इसकी सूचना तुरंत क्षेत्रीय पुलिस और मृतकों के परिजनों को दी।

ग्रामीणों में चर्चा थी कि दोनो प्रेमी प्रेमिका थे जिसकी जानकारी लोगों को थी। प्रेमी प्रेमिका के शव और ऑनर किलिंग की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और एसएसपी जोगिंदर सिंह खुद दलबल के साथ मौके पर पहुँच गए। घटना की सूचना पर युवक के पिता भी मौके पर पहुँच गए। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि लड़की के परिजनों ने फोन करके लड़के को बुलाया गया था, उसके बाद इन दोनों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।

मामला कागारोल थाने के नगला गोरऊ का है। गांव के ही युवक युवती की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध है। इस मामले पर कोई भी ग्रामीण कुछ भी कहना नहीं चाहता है लेकिन दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और उनकी हत्या करने की बात दबी जुबां से कह रहे हैं। बताया जाता है कि मृतक का नाम श्यामवीर और मृतका का नाम पूजा है। दोनों के बीच प्रेम काफी समय से प्रेम संबंध थे। श्यामवीर धौलपुर में टैम्पो चलाता था। बताया जाता है कि लड़की के परिजन इसके विरोध में थे।

घटना स्थल पर पहुँचे प्रेमी श्यामवीर के ताऊ ने पुलिस को बताया कि उनका लड़का घर पर सो रहा था तभी उसके मोबाइल पर फोन आया। लड़की के पिता ने उसे फोन कर बुलाया था और उसकी हत्या कर दी। लड़के के परिजनों का कहना है कि लड़के और लड़की के संबंध होने की जानकारी लड़की के परिजनों को थी। लड़के की हत्या के बाद इस मामले को दूसरा रूप देने के लिए लड़की की हत्या की गई है।

इस मामले की छानबीन के बाद पुलिस ने प्रेमिका पूजा के पिता और बहन सहित तीन को हिरासत में लिया है। पुलिस की मानें तो पूछताछ के दौरान आरोपियों के कई बातों को कुबूल भी किया है।

मौके पर पहुँचे एसएसपी जोगिंदर सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। इस मामले में लड़की पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Comment