Home » भाजपा की सपा में बड़ी सेंध, आगरा से ये दो कद्दावर नेता भाजपा में हुए शामिल

भाजपा की सपा में बड़ी सेंध, आगरा से ये दो कद्दावर नेता भाजपा में हुए शामिल

by pawan sharma

आगरा। गठबंधन के साथ लोकसभा चुनाव उतरी समाजवादी पार्टी को भाजपा ने सबसे बड़ा झटका दे दिया है। अभी तक बसपा के कद्दावर नेता भाजपा जॉइन कर गठबंधन को झटका दे रहे थे लेकिन भाजपा ने अपना मास्टर स्ट्रोक चलकर सपा के कद्दावर नेता और गुर्जर समाज मे अपनी अच्छी पकड़ रखने वाले सपा के पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर को भाजपा में शामिल कर लिया है। भाजपा सपा के पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर को अकेले ही नही बल्कि ठाकुर समाज में अपनी अच्छी पकड़ रखने वाले पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह को भी अपने साथ ले गई है। दोनों ने अब भगवा रंग ओढ़ लिया है।

बुधवार को रेलमंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली भाजपा कार्यालय में सपा के दोनो कद्दावर नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई और उन्हें भाजपा में शामिल कराया। सपा के यह दोनों कद्दावर नेता अब साईकल की सवारी छोड़कर भगवा का चोला ओढ़ चुके हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में आगरा जिले में चल रहे दलबदल के खेल में अभी तक का सबसे बड़ा झटका दिया है।

पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बहुत करीबी माने जाते है लेकिन रामसकल गुर्जर के पार्टी छोड़ने और भाजपा में शामिल होने की भनक तक सपाइयों को नही लग पाई। आगरा जिले में रामसकल गुर्जर सपा का बड़ा चेहरा था। रामसकल गुर्जर और डॉ राजेन्द्र सिंह के भाजपा में शामिल होने से फतेहपुर सीकरी का चुनाव और भी रोचक हो चला है। लोकसभा चुनावों में फतेहपुर सीकरी हॉट सीट में शामिल है और हर पार्टी की नजर इसी सीट पर लगी हुई है। भाजपा में शामिल हुए सपा के दोनो नेता अब भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के लिए समर्थन जुटाएंगे।

Related Articles

Leave a Comment