Home » भाजपा के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि की अर्पित

भाजपा के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि की अर्पित

by admin
BJP MLA Devendra Pratap Singh dies, Chief Minister Yogi Adityanath pays tribute

उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद की अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का हृदयाघात के चलते सोमवार सुबह अचानक निधन हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक विधायक अपने गांव हाजीपुर में घर पर मौजूद थे। साथ ही वे सुबह क्षेत्र में निकलने की तैयारी कर रहे थे तभी अचानक सीने में तेज दर्द उठा तो वह कुर्सी पर बैठ गए। उस दौरान परिवार के सदस्य भी नहीं समझ सके कि आखिर हुआ क्या। लेकिन इसके बाद उन्हें तत्काल एटा के अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह के अचानक हुए निधन से भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष के पी सिंह ने बताया कि विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह रोज की तरह क्षेत्र की जनता से सरोकार के लिए जाने की तैयारी में थे। लेकिन अचानक हृदय में उठी पीड़ा के चलते उनका निधन हो गया। यह घटना बेहद दुखद है ।वहीं परिवार के लोग अचानक हुए निधन से शोक में हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवेंद्र प्रताप सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है और श्रद्धांजलि अर्पित की है।उन्होंने ट्वीट में लिखा, “अमांपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री देवेंद्र प्रताप जी का निधन अत्यंत दुःखद है।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति।”

Related Articles