Home » बड़ी कार्यवाई : मदयानंद आश्रम हुआ सील, संचालक के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज़

बड़ी कार्यवाई : मदयानंद आश्रम हुआ सील, संचालक के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज़

by admin

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में यमुना ब्रिज स्थित मदयानंद अनाथालय आश्रम में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद आगरा जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही कर दी। इस कार्यवाही को अंजाम देने के लिए सीडीओ जे रीभा, एसडीएम व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे।

सीडीओ और एसडीएम की मौजूदगी में अनाथालय को सील कर दिया गया। इस कार्यवाही के दौरान इस आश्रम में रह रहे बालक बालिकाओं को दूसरे आश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया है और आश्रम संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर दी है।

बताते चले कि इसी अनाथालय से तीन अक्टूबर को अनाथालय की छत से कूदकर एक युवती ने जान देने की कोशिश की थी जिसे लोगों ने बचाया था। एसएन में इलाज के दौरान हुई पूछताछ में पीड़ित युवती ने अनाथालय में रहने वाले तीन युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था जिससे पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ गए थे। आरोपियो में एक अनाथालय का सफाई कर्मी, दूसरा रसोइये और तीसरा युवक यहां रहता है। पहले दो आरोपी नाबालिग बताए जा रहे थे, लेकिन जांच में सभी बालिग निकले। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 
हैरत की बात यह कि पीड़ित युवती ने आश्रम प्रबंधन को जानकारी दी थी, लेकिन चार घंटे तक मामले को दबाए रखा गया। इस घटनाक्रम की जानकारी आश्रम में रह रहे युवती के भाई को दी गई। इस पर उसने युवती को पीटा भी। 

इस मामले के सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह और सदस्य निर्मला दीक्षित ने अनाथ आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान आश्रम में बियर केन समेत तमाम आपत्तिजनक चीजें मिलीं थीं। 

मुख्य विकास अधिकारी जे रीभा का कहना है कि आज इस आश्रम को सील किया गया है। यह आश्रम बिना अनुमति के चल रहा था। इसलिए अनाथालय संचालक के खिलाफ़ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। साथ ही बच्चों की उपेक्षा की भी धारा लगाई गई है। सीडीओ का कहना है कि शहर में बिना अनुमति के चल रहे अनाथालय आश्रमों पर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment