Home » शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध अतिक्रमण पर गरजा महाबली

शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध अतिक्रमण पर गरजा महाबली

by admin

आगरा। शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक बार फिर जिला प्रशाशन ने अपनी कवायदें शुरु कर दी है। शनिवार को एसएसपी और अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान की शुरुआत जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने प्रतापपुरा चौराहे से की। प्रशासन का यह अभियान हरीपर्वत चौराहे तक चला। शनिवार को शुरू हुए इस अभियान से पूरे शहर में हड़कंप मच गया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम ने प्रतापपुरा चौराहे से हरीपर्वत तक फुटपाथ को कब्जाने वाले लोगों को हटाया। फुटपाथ के साथ साथ सड़क पर हो रहे अवैध निर्माणों पर महाबली भी जमकर गरजा। इस कार्यवाही के दौरान टीम ने दुकानदारों से अपने सामान को हटाने की हिदायत पहले ही दे दी थी। जिसके बाद जिन लोगों ने अपने अवैध निर्माण को नहीं हटाया उस पर प्रशासन का महाबली चला और सड़क व फुटपाथ पर हुए अवैध निर्माण को ढहाया। इस बीच टोरंट के मीटर जो अवैध अतिक्रमण पर लगे थे उन्हें भी टीम ने उखाड़ दिया।

टीम में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि आगरा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत हो गई है। शहर में जहां-जहां अतिक्रमण है उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है और उन स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा।

शहर की कानून व्यवस्था में सुधार करने वाले आगरा एसएसपी अमित पाठक अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। जबकि अपर नगर आयुक्त विजय कुमार भी कुछ इसी राह पर चलते हुए निगम व्यवस्था में सुधार को कड़े कदम उठा चुके हैं। यही कारण रहा कि एक साथ दो दिग्गज़ अधिकारियों के सामने किसी की एक न चली और महाबली एक के बाद एक अतिक्रमण को ढहाता रहा।

फिलहाल जिला प्रशासन के इस अभियान से अतिक्रमण करने वालों की नींद उड़ गई है और लोग इस अभियान से पहले ही अपना अवैध अतिक्रमण हटाने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Comment