Home » शाहगंज में बहन की हत्या करने वाला आरोपी भाई निक्कू चौधरी हुआ गिरफ़्तार

शाहगंज में बहन की हत्या करने वाला आरोपी भाई निक्कू चौधरी हुआ गिरफ़्तार

by admin

Agra. संपत्ति के विवाद में अपनी बहन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उसकी हत्या करने वाले बेरहम भाई निक्कू चौधरी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी निक्कू रविवार की रात नाटकीय अंदाज में खुद ही थाने पहुंच गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पिस्टल बरामद हुई है। यह पिस्टल उसके चाचा ओपी और लाला की है। ये दोनों शूटर हैं।

हत्या के बाद भाग गया था ससुराल

शाहगंज के जोगीपाड़ा में संपत्ति के विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां चला बहन की हत्या करने वाले निक्कू चौधरी इस हत्याकांड के बाद अपनी ससुराल मथुरा भाग गया था। बताया जाता है कि उसके दोनों बच्चे यहां पर रह गए थे। जिन्हें वह अपने साथ ले जाने की फिराक में था लेकिन उसने खुद ही सरेंडर कर दिया।

संपत्ति का विवाद पहुंचा हत्या तक

शाहगंज जोगीपाड़ा बाजार निवासी शूटर ओपी-लाला के भतीजे निक्कू चौधरी का अपनी बहन पूनम चौधरी से संपत्ति का विवाद चल रहा था। अविवाहित बहन पूनम संपत्ति में अपना हिस्सा मांग रही थी। इधर, निक्कू चौधरी ने पिता की मृत्यु के बाद अपनी विधवा भाभी नीलू चौधरी को भी खर्चा देना बंद कर दिया था। वर्ष 2006 में पति रूपेश चौधरी की हत्या के बाद भी नीलू अपने मायके सलेमपुर बुलंदशहर में रहकर बेटे को पढा रही हैं।

नीलू 26 नवंबर की सुबह जोगीपाड़ा निक्कू चौधरी उर्फ ललित चौधरी से खर्चा मांगने आई थीं। आरोपित द्वारा खर्चा देने से मना करने पर नीलू ने बाजार में उसकी दुकान पर ताला लगा दिया था। पूनम चौधरी ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया था। दुकान पर ताला लगाने से क्रुद्ध होकर निक्कू चौधरी ने बहन पूनम और भाभी नीलू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पूनम के सिर और सीने में गोली लगने पर उनकी मौके पर मृत्यु हाे गई थी। भाभी नीलू चौधरी की बांह में गोली लगने से वह घायल हो गई थीं।

पूछताछ में खुलेगा हत्या का कारण

मामले में नीलू चाैधरी ने देवर निक्कू के विरुद्ध हत्या का अभियोग दर्ज कराया था। हत्याकांड के बाद आरोपित निक्कू चौधरी बाइक और कार की मदद से बाहर भाग गया था। आरोपित ने पुलिस को बताया कि मथुरा में उसकी ससुराल है। वह बहन की हत्या करने के बाद वहां चला गया था। पुलिस के अनुसार आरोपित से हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने पथौली से दिखाया गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि आरोपी को पथौली रोड से पकड़ा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसने विवाद में हत्या की बात कही है। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद हुई है।

Related Articles

Leave a Comment