आगरा। ताजमहल के लगभग 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल टावर लगाने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा ताजमहल के आसपास पहले से जो मोबाइल टावर लगे हुए हैं उन्हें हटाने के लिए निर्देश भी आगरा कमिश्नर अमित गुप्ता द्वारा जारी कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक ताजमहल के आसपास क्षेत्र में मोबाइल टावर लगने से ताजमहल और शहर की खूबसूरती प्रभावित हो रही थी जिसके चलते डेढ़ किलोमीटर की परिधि में मोबाइल टावर हटाने का फैसला लिया गया है। वहीं ताजमहल के आसपास मोबाइल टावरों को हटाने का काम भी शुरू किया गया है। अब तक तीन मोबाइल टावर हटाए जा चुके हैं।
मोबाइल टावर हटाए जाने को लेकर इन क्षेत्रों में संचालित होटल स्वामियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके यहां पर आने वाले पर्यटक अक्सर कमरे की खिड़की या होटल की छत से ताजमहल को निहारते हुए अपना समय व्यतीत करते थे लेकिन मोबाइल टावर लगने से यह खूबसूरती खराब हो रही थी। मोबाइल टावर हटाए जाने का कदम सराहनीय है।