Home » क्रिसमस पर्व पर बजरंग वाहिनी ने की सेंटा क्लॉज़ का पुतला दहन करने की कोशिश, पुलिस से हुई झड़प

क्रिसमस पर्व पर बजरंग वाहिनी ने की सेंटा क्लॉज़ का पुतला दहन करने की कोशिश, पुलिस से हुई झड़प

by admin

आगरा। क्रिसमस पर्व के पावन दिन पर हिंदूवादी संगठन बजरंज वाहिनी की ओर से क्रिसमस पर्व का विरोध किया गया। आगरा फोर्ट स्टेशन के सामने बजरंज वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘सेंटा क्लॉज़ का पुतला लेकर ‘सेंटा क्लॉज़ हाय हाय, सैंटा क्लॉज वापस जाओ, जय श्री राम जय हिंदू राष्ट्र’ के नारेबाजी कर रहे थे। जैसे ही हिंदूवादी संगठन बजरंज वाहिनी के कार्यकर्ता सेंटा क्लॉज़ के पुतले का दहन करने के लिए बढ़े। तभी पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया।

इस बीच बजरंग वाहिनी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने हिंदू वादियों से पुतला छीन लिया। इस पर हिंदू वादियों में आक्रोश दिखाई दिया और उन्होंने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे बजरंग वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अज्जू चौहान का कहना था कि क्रिसमस त्योहार पर सैंटा क्लॉस की आड़ में ईसाई समाज लगातार धर्मांतरण के प्रयास में जुटा हुआ है जिसे सहन नहीं किया जाएगा।

बजरंग वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अज्जू चौहान ने कहा कि आज स्कूलों में ‘छोटे-छोटे बच्चों को सेंटा क्लॉस बना कर ईसाइयत की ओर झुकाव करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेंटा कोई उपहार देने नहीं आता है, उसका एक ही लक्ष्य रहता है केवल हिंदुओं का धर्मांतरण और जो बच्चे ऐसा नहीं करते हैं। उन्हें ईसाई मिशनरी अपने स्कूलों में सजा देते हैं। यह अब चलने वाला नहीं है। बजरंग वाहिनी इस सभ्यता का पुरजोर विरोध करता है। धर्मांतरण की कोई भी कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी। अगर इस पर रोक नहीं लगी तो आगे भी प्रदर्शन जारी रहेंगे।’

बजरंग वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह गिल ने कहा कि ईसाई मिशनरी जहां एक और बड़े-बड़े स्कूल चला रही है। वहीं कुछ हिंदुओं को अपनी तरफ करके छोटी-छोटी बस्तियों में जाकर यह जो हमारे हिंदू परिवारों को लालच देकर धर्मांतरण कराते हैं, उसके लिए भी संगठन की तरफ से टीम गठित की जाएगी। टीम द्वारा बस्तियों पर नजर रखी जाएगी कि ये लोग हमारे हिंदू भाइयों को किस प्रकार से धर्मांतरण कराते हैं। अगर कोई भी ऐसा करता पाया जाता है तो बजरंग वाहिनी सख्त कार्रवाई के लिए बाध्य होगा।’

बजरंग वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अज्जू चौहान और प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह गिल का कहना था कि आज भले ही वह सैंटा क्लॉस के पुतले का दहन नहीं कर पाए। पुलिस ने उसे छीन लिया लेकिन अगर धर्मांतरण का कर्म धर्म की आड़ में जारी रहा तो वह जगह-जगह पुतला दहन करने से पीछे नही हटेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से रजनी वर्मा, सुनीता वर्मा, रंजना, आरती राजपूत, अनिल बाबा, रोहित राजपूत, सुमित कुमार, धीरेंद्र ठाकुर, पवन कुशवाहा मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment