Home » आशाएं 2020 में आगरा कॉलेज के छात्रों ने नृत्य प्रस्तुति से बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

आशाएं 2020 में आगरा कॉलेज के छात्रों ने नृत्य प्रस्तुति से बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

by admin

आगरा। आगरा कॉलेज के वार्षिक समारोह के अंतर्गत चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम आशाएं 2020 के तीसरे दिन छात्र छात्राओं ने एकल व समूह लोक नृत्य के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति को सभी के सामने रखा और अपने हुनर से सभी को रूबरू भी कराया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में नगर आयुक्त अरुण प्रकाश पहुंचे।

आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में चल रहे आशाएं 2020 के तीसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने दीप प्रज्वलन के साथ किया जिसके बाद छात्र छात्राओं ने एकल व समूह लोकनृत्य प्रस्तुत किए। छात्रा नंदिनी ने चुनरी जयपुर से मंगवाई पर राजस्थानी नृत्य किया। छात्रा दीक्षा ने श्याम तेरे नाम की जोगन बनके एवं सुशांत ने सासु तेरा लाडला, नृत्य से ब्रज की संस्कृति को सभी के सामने रखा तो वहीं छात्रा दिव्या ने पंजाबी गिद्दा प्रस्तुति देकर पंजाबी संस्कृति से सभी को रूबरू कराया। समूह लोकनृत्य में प्रिया, मोनिका, नीलम, राधावा, शालिनी ने राजस्थानी लोक नृत्य पेश किए। मेरी फूट गई मटकी पर चारु व प्रिया ने ब्रज लोक नृत्य प्रस्तुति दी।

इस दौरान नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने अपने विचार रखे। उनका कहना था कि साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास के लिए आवश्यक है। व्यक्तित्व विकास की दो बातें होती हैं एक आंतरिक व्यक्तित्व दूसरा बाहरी व्यक्तित्व। दोनों के विकास के लिए सांस्कृतिक मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। व्यक्ति के अंतर्निहित क्षमताओं के प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन से चहुमुखी व्यक्तित्व का निर्माण होता है। आगरा कॉलेज के वार्षिक समारोह के उपलक्ष में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में यही देखने को मिल रहा है जो एक अच्छा कदम है।

Related Articles