Home » डीयू-एएमयू में बवाल के बाद आगरा शहर में अलर्ट, टीम के साथ सड़क पर उतरे आईजी

डीयू-एएमयू में बवाल के बाद आगरा शहर में अलर्ट, टीम के साथ सड़क पर उतरे आईजी

by admin

आगरा। नागरिकता संसोधन बिल को लेकर दिल्ली सहित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हुए बवाल के बाद आगरा पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है। बीती रात AMU में हुए बवाल के बाद आई.जी सतीश ए गणेश शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सड़कों पर निकल पड़े। आईजी सतीश ए गणेश ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में दौरा किया और अधिनिस्थों को सतर्क रहने के निर्देश दिये। नागरिक संशोधन बिल को लेकर शहर में भी अलर्ट जारी कर दिया है। नागरिक संशोधन बिल को लेकर शहर में कहीं आग न सुलगे इसके लिए एलआईयू को भी विशेष दिशा निर्देश दिए है।

नागरिक संशोधन बिल को लेकर दिल्ली और अलीगढ़ की यूनिवर्सिटी में हुए बवाल को लेकर पुलिस प्रशासन ने शहर के कॉलेज और कोचिंग सेंटर के अलावा भीड़ भाड़ वाले इलाके में चौकसी बढ़ा दी है और पुलिस गश्त भी लगा रही है।

पिछले दिनों सरकार नागरिकता अधिनियम, 1955 में बदलाव करने के लिए केंद्र सरकार नागरिकता संशोधन बिल लेकर आई थी। बिल के कानून बनने के साथ ही इसमें बदलाव हो गया। अब पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से आए हुए हिंदू-जैन-बौद्ध-सिख-ईसाई-पारसी शरणार्थियों को भारत की नागरिकता मिलने में आसानी होगी। अभी तक उन्हें अवैध शरणार्थी माना जाता था। पहले भारत की नागरिकता लेने पर 11 साल भारत में रहना अनिवार्य होता था, लेकिन अब ये समय घटा कर 6 साल कर दिया गया है। इस कानून को अल्पसंख्यकों के खिलाफ माना जा रहा है। इसलिए देश के कई हिस्सों में इसका विरोध किया जा रहा है।

एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि नागरिकता संशोधन बिल को लेकर शहर में कोई विवाद न हो इसके लिए मिश्रित आबादी वाली क्षेत्रों में पुलिस चौकसी बढ़ाई गयी है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। इतना ही नही लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने के साथ अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अगर कोई अफवाह फैला कर शहर की फिजा खराब करता है तो उस पर सख्त कार्यवाही होगी।

Related Articles