Home » चिकित्सक के घर हुई डकैती का आगरा पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड सहित 5 गिरफ्तार

चिकित्सक के घर हुई डकैती का आगरा पुलिस ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड सहित 5 गिरफ्तार

by admin
Agra Police revealed the robbery at the doctor's house, 5 arrested including the mastermind

Agra. आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 2-बी में डॉ जसवंत राय के घर में हुई डकैती का आगरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के साथ उनके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग चार लाख रुपये से अधिक की रकम बरामद की है। इस पूरे मामले का खुलासा एसएसपी मुनिराज ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि कारपेंटर का बेटा इस वारदात का मास्टरमाइंड है।

कारपेंटर के बेटे मुशर्रफ ने रची थी पूरी साजिश:-

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कारपेंटर का बेटा मुशर्रफ था। उसने डॉक्टर के घर पर डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए पूरा प्लान बनाया था। अपने साथियों के साथ 19 तारीख की रात को इस वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी थी। वहीं दूसरी बार 19 तारीख को प्री प्लान के अनुसार इस घटना को अंजाम दिया गया।

2017 में भी जेल जा चुका है मुशर्रफ:-

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि मुशर्रफ 2017 में भी जेल जा चुका है। घर में चोरी के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था और ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।वहीं से वो जेल गया था।

बंधक बनाकर डकैती की वारदात को दिया अंजाम:-

शनिवार रात को साढ़े आठ बजे पांच बदमाशों ने डॉ. जसवंत राय के घर पर डकैती डाली थी। बदमाशों ने घर का दरवाजा खुलवाया और दरवाजा खोलने के लिए आये चिकित्सक जसवंत को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया था। उसके बाद उनकी पत्नी डॉ. सुनीता और अनुज वधू सीमा को भी बंधक बना लिया था।फिर डकैती की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे।

पीछे के कमरे की जानकारी से खुला राज:-

पीड़ितों के मुताबिक बदमाश बंधक बनाने के बाद कैश और जेवरात के बारे में पूछने लगे और चाभी भी मांगी थी। इसके बाद वो अंदर के कमरे में घसीटकर ले गए थे। पीछे के कमरे में ले जाने की जानकारी किसी परिचित को ही हो सकती थी। इसलिए पुलिस का शक किसी जानकार पर था। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस टीम लगी। कई अहम सुराग मिले। पुलिस टीम ने उन पर कार्य किया और सफलता पाई।

कॉलोनी में एक-एक करके आए थे छह बदमाश:-

डॉ. जसवंत राय के पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसमें नजर आ रहा है कि कॉलोनी में बदमाश एक-एक करके आते हैं। इसके बाद डॉक्टर जसवंत राय की कोठी के सामने खड़ी कार के पीछे छिप जाते हैं। एक बदमाश उनके गेट को फांदकर अंदर जाता हैं। कुंडी को खोल लेता है। बाकी चार बदमाश अंदर जाते हैं। एक बदमाश बाहर खड़े होकर निगरानी करता है। बदमाश लूटपाट के बाद बाहर निकलने के बाद अलग-अलग हो जाते हैं। पुलिस ने बाहर खड़े रहने वाले बदमाश की पहचान की। उसका चेहरा साफ हो गया है।

अलग अलग रास्तों से निकले थे बदमाश:-

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि कॉलोनी में ज्यादा घर नहीं बने हैं। उनकी कोठी के सामने ही खंडहर मकान है। एक तरफ से सेंट्रल पार्क की तरफ जाया जा सकता है, जबकि दूसरी तरफ से सेक्टर तीन की तरफ जा सकते हैं। रास्ते में खाली जमीन पड़ी हैं। आसपास कई मजदूर परिवार भी रहते हैं। पुलिस ने डकैती की घटना के बाद मजदूर परिवारों से पूछताछ की। लोगों का कहना था कि बदमाशों में दो सेंट्रल पार्क की तरफ गए। तीन खंडहर मकान के बगल से एक रास्ते से निकल गए।

नक़दी और जेवरात बरामद:-

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि आरोपियों से 4.5 लाख रुपए की नगदी और सोने चांदी के आभूषण बरामद किए है। इतना ही नहीं इस वारदात को अंजाम देने के लिए जो हथियार प्रयोग किये गए, उन्हें भी बरामद कर लिया गया है।

फरार आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी:-

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि पांच आरोपियों को पकड़ा गया है। लेकिन उनके अभी दो साथी फरार है, जिनकी धरपकड़ में पुलिस टीम जुटी हुई है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles