आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र के बल्केश्वर में फ्लैट में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूट करने वाले बदमाशों से देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से लूट का मुख्य आरोपी घायल हो गया उसके पास से साढ़े पांच लाख रुपए नगद, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद हुआ है। उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
विगत सोमवार करीब शाम के 6 बजे बल्केश्वर के भगवान नगर निवासी सुनील गोयल के फ्लैट में घुसकर 2 बदमाशों ने लूटपाट की थी। हथियारों के दम पर बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाया था। उसके बाद पैदल ही वहां से भाग गए थे। भागते हुए बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। उस समय पीड़ित परिवार ने 12 लाख रुपए की लूट होने की सूचना पुलिस को दी थी। दिनदहाड़े हुई इस लूट से खलबली मच गई थी। पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान लूट करने वाले मुख्य आरोपी सोनू पंजाबी उर्फ रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लूटे हुए 5.5 लाख रुपए नगद, एक मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
![Agra police encounter with miscreants, there was no loot of 12 lakhs in Balkeshwar](https://moonbreaking.com/wp-content/uploads/2022/01/IMG-20220105-WA0004-1024x768.jpg)
12 नहीं 6.5 लाख की थी लूट
आगरा एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार पकड़े गए बदमाश सोनू पंजाबी ने बताया कि घर में लूट के दौरान कुल 6.5 लाख रुपए मिले थे। 5.5 लाख बदमाश के पास से पुलिस ने बरामद किए हैं। शेष 1 लाख रुपए दूसरे अभियुक्त कुलदीप जाटव के पास हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। एसएसपी ने बताया कि पीड़ित ने भी 6.5 लाख रुपए लूटने की पुष्टि की है, जिसे पहले 12 लाख बताया गया था।