Home » मैरिज एनीवर्सरी मनाने हिमाचल गया आगरा का दंपति दो दिन से लापता, भेजा था लैंड स्लाइड का वीडियो

मैरिज एनीवर्सरी मनाने हिमाचल गया आगरा का दंपति दो दिन से लापता, भेजा था लैंड स्लाइड का वीडियो

by admin

Agra. अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर हिमाचल प्रदेश तीर्थ स्थल भ्रमण के लिए गया एक दंपति भारी बारिश और बाढ़ के बीच अचानक से लापता हो गया है। बेटे और बहू से कोई संपर्क न होने से परिवार के लोग परेशान है। परिवारी जन अपने स्तर से बेटे और बहू की खोज खबर करने में जुट गए हैं। लड़के के मामा ने जिला प्रशासन से भी मदद मांगी है जिससें लापता हुए बेटे और बहू की तलाश हो सके। जानकारी के मुताबिक युवक गुड़गांव की एक कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है।

आगरा शहर में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोहता स्थित सौथिया एस्टेट कालोनी में कुसुमा देवी अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके बेटे कुलदीप दीक्षित गुडगांव में मेक माई ट्रिप कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और अपनी पत्नी के साथ वहीं पर रहते थे। कुलदीप दीक्षित की आठ जुलाई को शादी की दूसरी सालगिरह थी। अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर तीर्थ स्थल भ्रमण करने के लिए पत्नी शिखा के साथ हिमाचल प्रदेश के तीर्थन वैली गए थे। परिजनों के अनुसार, विगत पांच जुलाई को दोनों ट्रैवल कम्पनी की गाड़ी से हिमाचल पहुंचे। कुलदीप की मां कुसुमा देवी ने बताया कि बेटा-बहू ने पहुँचने पर बताया था कि वहां पर तेज बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं। उन्होंने बाढ़ का एक वीडियो भी भेजा था।

8 जुलाई को अंतिम बार हुई बात

कुलदीप की माँ ने बताया कि आठ जुलाई की शाम पांच बजे दोनों से अंतिम बार बात हुई थी। कुलदीप ने कहा था कि नौ जुलाई को सुबह 10 बजे वे वापस आगरा के लिए लौटेंगे। कुसुमा देवी ने बताया कि नौ जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उन्होंने बेटे को फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने बहू को फोन किया। उसका फोन भी नहीं लगा। उन्हें लगा कि शायद नेटवर्क नहीं आ रहे होंगे। करीब दो घंटे बाद फिर फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगे। टैक्सी ड्राइवर को फोन किया, उसका फोन भी नहीं लगा। शाम तक करीब 15-20 बार फोन किया। घबराकर उन्होंने बहू के परिजनों से मुरादाबाद बात की।

भूस्खलन की दी थी जानकारी

कुलदीप की माँ कुसुमा ने बताया कि बहु के परिजनों ने बताया कि 9 जुलाई को सुबह 10 बजे बेटी का फोन आया था। उसने बताया कि यहां पर भारी बारिश है। भूस्खलन (लैंड स्लाइड) हो गया है। हमें रास्ते में रोक लिया गया है। आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। जैसे भी हालात होंगे, आगे बताएंगे। इसके बाद से उनकी भी बेटी से बात नहीं हुई है।

चिंता में डूबी बूढ़ी माँ

इकलौते बेटे और बहु के लापता हो जाने से माँ कुसुमा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि कुलदीप के पिता का निधन हो चुका है। इकलौते बेटे की दो साल पहले धूमधाम से शादी की थी। बेटा गुडगांव में मेक माई ट्रिप कंपनी में सीनियर मैनेजर है। उन्हें बच्चों को लेकर बहुत चिंता हो रही है। हिमाचल प्रदेश में किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

प्रशासन से की है मुलाकात

जानकरी होने पर कुलदीप के मामा भी आ गए है। उनका कहना था कि इस सम्बंध में प्रशासन से मुलाकात की है और उनसे मांग की है कि वो हिमाचल सरकार से संपर्क कर कुलदीप और उसकी पत्नी को ढूढ़ने का प्रयास करे। वहीँ कुलदीप की माँ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने लापता बच्चों को खोजबीन करवाने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Leave a Comment