Home » लॉक डाउन होने के बाद आगरा की सीमाएं हुई सील, पुलिस ने लागू की सेक्टर स्कीम

लॉक डाउन होने के बाद आगरा की सीमाएं हुई सील, पुलिस ने लागू की सेक्टर स्कीम

by admin

आगरा। आगरा शहर में 25 मार्च तक के लॉक डाउन की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन ने भी मोर्चा संभाला लिया है। शहर में सेक्टर स्कीम को लागू कर दिया गया और शहर की सीमाओं को भी सील कर दिया गया। शहर की सीमाएं सील होते ही बाहरी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लग गया, केवल आवश्यक सेवाओं वाले वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। सोमवार सुबह से ही कानपुर से शहर में आने वाले वाहनों को एत्मादपुर बॉर्डर पर रोका गया तो वहीं मथुरा से आने वाले गैरजरूरी वाहन मथुरा-आगरा की सीमा पर रोक दिए गए। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सीमाएं सील की हैं। 

शहर में लॉक डाउन होने के साथ ही पुलिस प्रशासन भी सड़कों पर उतर आया। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को रोका गया। खेरिया मोड़ चौराहे पर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। चौकी इंचार्ज ने मोर्चा संभालने के साथ ही दुकानों के बाहर झुंड बनाकर खड़े लोगों को घरों में जाने के निर्देश दिए और बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोक दिया गया। केवल उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति दी गई जो आवश्यक सेवा में लगे हुए थे, उन्हें अपने ऑफिस का कार्ड दिखाना पड़ा जिसके बाद ही उन्हें अनुमति दी गई।

आगरा शहर में 25 मार्च तक लॉक डाउन होने के बाद एसपी सिटी भी अधिनिस्थों के साथ सड़कों पर नजर आए। एसपी सिटी ने सड़कों पर चल रहे वाहनों को रोककर चेकिंग की और उनसे पूछताछ की कि लॉक डाउन के बाद आखिरकार वह घर से क्यों निकले हैं। इतना ही नहीं जो लोग अनावश्यक रूप से घूम रहे थे, एसपी सिटी ने उन्हें घर में रहने की हिदायत दी और वापस घर भेज दिया।

एसपी सिटी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि शहर में सेक्टर स्कीम सोमवार से लागू कर दी गई। शहर में 108 स्थानों पर पुलिस तैनात है और अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। रात की गश्त भी तेज कर दी गई है। आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के कार्ड जारी होंगे और वो ही सड़को पर घूम सकेंगे अगर अनावश्यक रूप से घूमने वाले पकड़े गए तो उन पर कर्यवाही संभव है।

जिला अधिकारी पीएन सिंह ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शहर में लॉक डाउन होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान आवश्यक सेवाओं में अखबार, कानून व्यवस्था, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बिजली, पानी, टेलीफोन, नगर निकाय अग्निशमन, पेयजल आपूर्ति, डाक और जिला आपूर्ति विभाग शामिल हैं। इनसे जुड़े दफ्तर खुले रहेंगे। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सोशल मीडिया, इंटरनेट और पोस्टल सेवाएं भी बहाल रहेंगीं। यदि कोई घर से बेवजह बाहर निकला तो पुलिस उसे पकड़ लेगी। उस पर केस दर्ज किया जाएगा, उन्हें जेल भी हो सकती है।

Related Articles