Home » ई-श्रम पोर्टल पर करीब 6 करोड़ कामगार यूपी में हुए पंजीकृत, जानिए कैसे करेंगे रजिस्ट्रेशन

ई-श्रम पोर्टल पर करीब 6 करोड़ कामगार यूपी में हुए पंजीकृत, जानिए कैसे करेंगे रजिस्ट्रेशन

by admin
About 6 crore workers registered in UP on e-shram portal, know how to register

केंद्र सरकार द्वारा लॉन्च किए गए ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले श्रमिकों की संख्या अब 17 करोड़ के पार हो गई है। पोर्टल की शुरुआत 26 अगस्त 2021 को हुई थी।पोर्टल पर 17.05 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें युवा श्रमिकों की संख्या अधिक बताई जा रही है। कुल पंजीकरण में से 61.27 फीसदी श्रमिक 18 से 40 आयु वर्ग के हैं। वहीं, इसमें सबसे अधिक ओबीसी (OBC) 44.48 फीसदी, इसके बाद सामान्य वर्ग (General) के 25.88 फीसदी श्रमिक हैं। जबकि, एससी (SC) 22.26 फीसदी और एसटी (ST) की संख्या 7.39 फीसदी है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा श्रमिकों को हर महीने 500 रुपये देने की घोषणा करने के बाद रजिस्ट्रेशन की बाढ़ आ गई है। अब यहां ई-श्रम कार्ड बनवाने वालों की संख्या 5 करोड़ 72 लाख से ज्यादा हो चुकी है। दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल है, जहां 2.33 करोड़ श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन है। बिहार तीसरे नंबर पर और चौथे पर ओडिशा है।

ई- श्रम कार्ड की सुविधा का लाभ ट्यूटर, घर का नौकर – नौकरानी (काम वाली बाई), खाना बनाने वाली बाई (कुक), सफाई कर्मचारी, गार्ड, ब्यूटी पार्लर की वर्कर, नाई, मोची, दर्ज़ी ,बढ़ई , प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर, टाइल्स वाला, हर दुकान का नौकर / सेल्समैन / हेल्पर, ऑटो चालक, ड्राइवर, पंचर बनाने वाला, चरवाहा, डेयरी वाले, सभी पशुपालक, पेपर का हॉकर, जोमैटो स्विगी के डिलीवरी बॉय, अमेज़न फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय (कोरियर वाले), वेल्डिंग वाला, खेती वाले मज़दूर, नरेगा मज़दूर, ईंट भट्ठा के मज़दूर, पत्थर तोड़ने वाले, खदान मज़दूर, फाल्स सीलिंग वाला, मूर्ति बनाने वाले, मछुवारा, रेजा, कुली, रिक्शा चालक, ठेला में किसी भी प्रकार का सामान बेचने वाला (वेंडर), चाट ठेला वाला, भेल वाला, चाय वाला, होटल के नौकर/वेटर, रिसेप्शनिस्ट, पूछताछ वाले क्लर्क, ऑपरेटर, नर्स, वार्डबॉय, आया, मंदिर के पुजारी, विभिन्न सरकारी ऑफिस के दैनिक वेतन भोगी ले सकते हैं।बता दें प्रत्येक कामगार का यह कार्ड बन सकता है।शर्त है कि कामगार आयकर रिटर्न ना भरता हो और उसका EPF भी सैलरी से ना कटता हो।

पोर्टल से जुड़ने वाले श्रमिकों को पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत दो लाख रुपए तक का बीमा मिलने की घोषणा की गई है।अगर कामगार की दुर्घटना से मृत्यु या स्थायी रूप से विकलांग हो जाता है तो ई- श्रम कार्ड के तहत दो लाख और आंशिक रूप से विकलांग होने पर एक लाख रुपए की अनुदान राशि प्राप्त होगी। सिर्फ इतना ही नहीं विभिन्न प्रकार के सामाजिक सुरक्षा के लाभ भी मिलते हैं। आपदा या महामारी की स्थिति में केंद्र और राज्य सरकारों से सहायता मिलने में आसानी होती है।

रजिस्ट्रेशन के लिए ये हैं जरूरी दस्तावेज

  • आधार कार्ड
  • मोबाइल नंबर, जो आधार कार्ड से लिंक हो
  • बैंक खाता

जिन श्रमिकों के पास आधार लिंक मोबाइल नंबर नहीं है, तो वे नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

पंजीकरण कैसे करें

  1. ई-श्रम पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट (eshram.gov.in) पर जाएं।
  2. होम पेज पर रजिस्टर ऑन ई-श्रम विकल्प पर क्लिक करें।
  3. नया पेज खुलने पर जानकारियां दर्ज करें। इसके बाद आपके आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। इसे दर्ज करें।
  4. अब पंजीकरण पेज खुल जाएगा। आवेदन फॉर्म को पूरा भरना होगा। मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में फॉर्म को सब्मिट कर दें।
  5. पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अंकों का ई-श्रम कार्ड नंबर जारी हो जाएगा।

ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है ताकि सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा और दूसरी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके।पंजीकरण के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 14434 टोल फ्री भी जारी किया है। इस पर ज्यादा जानकारी ले सकते हैं।

Related Articles