हाथरस/आगरा। सोमवार को हाथरस में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने गए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और विधायक राखी बिड़लान पर एक शख्स ने काली स्याही फेंक दी। यह घटना इस समय हुई जब आप सांसद गांव के बाहर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान काली शर्ट पहने आये एक शख्स ने सांसद पर काली स्याही फेंक दी और नारे लगाने लगा। इस घटना से आप कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया।
इस घटना के बाद आगरा आगमन पर आप सांसद संजय सिंह और विधायक राखी बिड़लान पत्रकारों से रूबरू हुए।

एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आप पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उनका कहना था कि जो सरकार कुलदीप सिंह सेंगर, चिन्मयानंद के साथ खड़ी हो, जिस पार्टी का विधायक सुरेंद्र सिंह इस घटना के बाद कहता है कि उस लड़की को संस्कार सीखने चाहिए थे, उनके पार्टी का सांसद जेल में बलात्कारियों से मिलने जाता है, तो आप अंदाजा लगा सकते है कि पीड़िता को कैसे न्याय मिलेगा। मीडिया अपना काम कर रहा है। लोग इंसाफ के लिए सड़कों पर है लेकिन इस बहरी सरकार को कुछ सुनाई नहीं दे रहा है।
संजय सिंह ने हाथरस की निर्भया व पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के जज की मॉनिटरिंग में इस घटना की जांच हो। योगी सरकार से प्रदेश संभल नही रहा है उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।