Home » ‘सपा-भाजपा’ पर बरसी मायावती, कहा – ‘दलितों के साथ होता है सौतेला व्यवहार’

‘सपा-भाजपा’ पर बरसी मायावती, कहा – ‘दलितों के साथ होता है सौतेला व्यवहार’

by admin
https://moonbreaking.com/mayawati-celebrates-sp-bjp-said-dalits-are-treated-step-motherly/63752/

Agra. आगरा में जनसभा को संबोधित करने पहुंची बसपा सुप्रीमो मायावती अपने कार्यकर्ताओं के साथ साथ प्रत्याशियों में भी उत्साह भर गई, साथ ही अपने परंपरागत वोटर को भी साध गयी जिससे उनके वोट में किसी तरह की सेंध न लग सके।

बुधवार को बसपा सुप्रीमो ने कोठी मीना बाजार मैदान में मंडल स्तरीय चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय जनसभा में बसपा पार्टी अध्यक्ष मायावती ने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहली चुनावी रैली की आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान से संबोधित किया। मायावती ने मंच पर पहुंचते ही भाजपा, सपा और कांग्रेस तीनों पार्टियों को निशाने पर लिया।

सपा पर हमलावर होते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि सपा में हमेशा गुंडाराज बढ़ता चला जाता है। इसे गुंडों की पार्टी भी इसीलिए कहते हैं। सपा ने अपनी सरकार में हमेशा दलितों के साथ सौतेला व्यवहार किया। सभा में दलित किसी भी सूरत में सुरक्षित नहीं है, इसीलिए समाजवादी पार्टी से तो कोसों दूर रहना है। सपा सरकार में गुंडे-बदमाशों का राज रहा। सपा ने एक विशेष समुदाय के लिए ही काम किया।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस भी नाटकबाजी करती है, जब सत्ता में थे, तब महिलाएं क्यों नहीं याद आईं उनको? मायावती ने कहा कि कांग्रेस अपनी गलत नीतियों की वजह से ही सत्ता से बेदखल हुई। कांग्रेस पार्टी ने अनुसूचित जाति, पिछ़डों और आदिवासियों की खिलाफत की। जब उनकी सरकार थी तो उन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया।

Mayawati celebrates 'SP-BJP', said - 'Dalits are treated step-motherly'

मायावती ने कहा कि भाजपा के राज में उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के बुरे हाल हैं। भाजपा सिर्फ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का एजेंडा चला रही है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा के लोग आरएसएस के संकीर्ण एजेंडे को लागू करने में लगे हैं। भाजपा ने पक्षपात का शासन किया। उत्तर प्रदेश की जनता से सौतेला रवैया अपनाया गया। पूरे देश के किसान केंद्र सरकार की गलत नीतियों को खामियाजा भुगत रहे हैं।

आगरा दलितों की राजधानी है और यहां से इस बार सभी ओपिनियन पोल बदले नजर आएंगे। बसपा एक बार फिर से पुराना इतिहास दोहराएगी। मायावती ने टिकट बंटवारे पर कहा कि पिछली बार कुछ लोगों ने धोखा दिया। डमी उम्मीदवारों को खड़ा कर दिया गया। इस बार उन्होंने खुद टिकट दिया है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बसपा को बड़ी सफलता मिलेगी। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं।

सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमो ने दो टूक शब्दों में समाज के लोगों से कहा कि इस बार अपना वोट किसी के बहकावे में आकर बर्बाद मत करना। एक बार फिर प्रदेश में बसपा की सरकार बनने जा रही है। अगर आपने अपना वोट बर्बाद कर दिया तो आप की सरकार बनने से रुक सकती है। आपको अपने विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताना है।

Related Articles