Agra. पचकुइयां चौराहे से कोठी मीना बाजार की ओर जाने वाला रास्ता 5 दिनों के लिए बंद होने जा रहा है। रेलवे विभाग इस मार्ग पर पड़ने वाले आरयूबी पर गर्डर बदलने का काम करने जा रहा है जिसके चलते रेलवे 5 दिनों तक इस मार्ग को बंद रखेगा। इसकी सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है। रेलवे विभाग 15 दिसंबर रात 12 बजे से इस मार्ग को बंद करने जा रहा है।
आरयूबी पर बदले जाएंगे गर्डर
पचकुइयां चौराहे से कोठी मीना बाजार मैदान वाले रास्ते पर रेलवे ओवर ब्रिज बना हुआ है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आरयूबी के पुराने गार्डर बदलने का काम किया जाना है। इसके लिए रेलवे ने प्रशासन से पचकुइयां-कोठी मीना बाजार मार्ग को पांच दिन बंद करने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद अब रेलवे 15 दिसंबर की रात 12 बजे से 20 दिसंबर की रात तक मार्ग को बंद रखेगा।
परिवर्तित मार्ग से गुजरेंगे वाहन
पचकुइयां-कोठी मीना बाजार मार्ग 5 दिन बंद होने से हजारों लोग प्रभावित होंगे। यह रास्ता जयपुर हाउस, शाहगंज व एमजी रोड को जोड़ता है। ऐसे में इस रास्ते पर पूरे दिन वाहन गुजरते हैं। रास्ता बंद होने पर लोगों को वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा। अब लोग जयपुर हाउस या शाहगंज जाने के लिए पचकुइयां चौराहे से राधाबल्लभ इंटर कॉलेज होकर जाएंगे। इसके अलावा सदर तहसील होते हुए भी शाहगंज जाया जा सकेगा।
आगरा रेल मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि आरयूबी नंबर 1345/4 के पुराने गर्डरों को पीएससी स्लैब में बदला जाना है। यह काम 16 दिसंबर से शुरू होगा। बिना रास्ता बंद किया यह काम नहीं हो सकता।