आगरा। जनपद के थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में 2 दिन पूर्व घर में अकेली महिला के साथ रिश्ते के भतीजे ने घर में घुसकर तमंचे की नोक पर जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। परिजनों के घर पहुंचने पर महिला ने घटना के बारे में अवगत कराया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भतीजे युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। रिश्ते के भतीजे ने घर में अकेली अपने महिला चाची के साथ जबरन दुष्कर्म किया। आपको बता दें 2 दिन पूर्व बुधवार की रात थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला अपने घर पर अकेली थी। पति और परिजन किसी कार्य से फिरोजाबाद में रिश्तेदारी में गए हुए थे।
आरोप है कि महिला को घर में अकेला देख मौका पाकर रिश्ते का भतीजा युवक मोनू उर्फ चैंचू पुत्र रामधुन घर में जबरन घुस आया। महिला के साथ तमंचे की नोक पर अश्लील हरकतें करते हुए उसे दबोच लिया। विरोध करने पर महिला के साथ जमकर मारपीट की गई, मुंह में कपड़ा ठूस दिया और उसके साथ जबरन युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी युवक शिकायत करने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
रिश्तेदारी से लौटकर परिजन जब घर पहुंचे तो महिला ने अपने साथ हुई दुष्कर्म की घटना से अवगत कराया। जिस पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन महिला को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376, 452, 506 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, आरोपी फरार बताया गया है।