Agra. शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या से आगरा के लिए बुरी खबर आई। तेज बहाव वाली सरयू नदी में स्नान करने के दौरान आगरा के एक परिवार के 12 लोग पानी की तेज धारा में बह गए। गुप्तार घाट पर हुई इस घटना के बाद घाट पर खलबली मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गोताखोर के साथ सभी की खोजबीन में लग गए। इस दौरान जल पुलिस के साथ गोताखोरों ने नदी में डूबे 12 लोगों में से सात को बचा लिया है। इनमें एक ढाई वर्ष की बच्ची भी है। जिसको जिला अस्पताल भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे की जानकारी होते ही मौके पर अयोध्या के कमिश्नर तथा जिलाधिकारी भी पहुँच गए।
बताया जाता है कि आगरा के सिकंदरा क्षेत्र निवासी महेश कुमार के परिवार के 15 लोग अयोध्या में दर्शन तथा भ्रमण पर पहुंचे थे। इसी दौरान सभी लोग गुप्तार घाट पर सरयू नदी में स्नान करने के लिए रुक गए। महेश गुप्ता के परिवार के चार लोग पहले स्नान करने सरयू नदी में उतरे। पानी के तेज बहाव में आने के कारण यह लोग डूबने लगे तो परिवार के अन्य लोगों ने उनको बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पहले से पानी में डूब रहे लोगों को बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी काफी गहराई में चले गए। एक के बाद एक करके 12 लोग सरयू नदी में उतर गए और डूब गए। इस सूचना पर जल पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस के गोताखोर डूबे लोगों को खोजने में लगे हैं। राहत कार्य में आधा दर्जन से अधिक नाव तथा स्टीमर को लगा दिया गया है। पानी की धारा तेज होने के कारण डूबे लोगों के काफी आगे तक बहने की संभावना है।

परिवार के एक शख्स सतीश ने बताया कि चार परिवार दो गाड़ियों में आगरा से आए थे। इन लोगों ने मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद घाट पर बैठे थे। बारिश के कारण फिसलन थी। एक-एक कर सभी बहते चले गए।
उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के गुप्तार घाट पर 12 लोगों के डूबने की घटना की जानकारी मिलते ही समस्त वरिष्ठ अधिकारियों को मौक़े पर पहुंचकर लोगों को जल्द से जल्द रेस्क्यू कराने के निर्देश दिए हैं। लोगों की सकुशल तलाश के लिए पीएसी के गोताखोर लगाने के भी निर्देश दिये गये हैं।