आगरा। 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे सपा नेता महाराज सिंह धनगर के पुत्र दीपक धनगर के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। अभी तक दीपक धनगर की गिरफ्तारी ना होने से न्यायालय की ओर से उसके घर की कुर्की कराने के आदेश दिए हैं जिसको लेकर क्षेत्रीय पुलिस की ओर से सपा नेता महाराज सिंह धनगर के घर के बाहर ढोल नगाड़े के साथ मुनादी कराई गई और लोगों को सूचित किया गया कि सपा नेता महाराज सिंह धनगर का पुत्र दीपक धनगर दुष्कर्म का आरोपी है। वह इस मामले में फरार चल रहा है अगर तय तिथि पर दीपक धनगर कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ घर की कुर्की की जाएगी। मुनादी कराए जाने के साथ ही पुलिस ने कुर्की से संबंधित आदेश घर पर चस्पा कर दिया।
आपको बताते चलें कि 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में दीपक धनगर फरार चल रहा है। इसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की ओर से दीपक धनगर पर 10000 का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। दुष्कर्म का यह मामला सितंबर माह का है। छात्रा के साथ पांच युवकों ने उसे अपना शिकार बनाया था और दीपक धनगर ने इसकी वीडियो भी बना ली थी। वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर अपनी हवस का शिकार बना रहा था। ब्लैक मेलिंग से परेशान होकर पीड़ित छात्रा ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी जिसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ और मामले ने तूल पकड़ा।
शुरू में इस पूरे मामले में पुलिस का रवैया ढीला दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपियों को तो पकड़ा लेकिन छेड़छाड़ में मुकदमा लिखकर आरोपियों को थाने से ही जमानत दे दी थी। 2 अक्टूबर को आईजी रेंज ए सतीश गणेश के निर्देश पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ। चार आरोपी पकड़े गए उन्हें जेल भेज दिया गया लेकिन पांचवा मुख्य आरोपी दीपक धनगर फरार है। बताया जाता है कि पीड़ित छात्रा सपा नेता के स्कूल की ही छात्रा थी। इसीलिए दीपक धनगर ने उसे आसानी से अपनी हवस का शिकार बनाया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी दीपक धनगर पर शिकंजा कसने के लिए कोर्ट के माध्यम से उसके घर की कुर्की से संबंधित आदेश निकलवाए और उसके घर पर मुनादी कराकर घर वालों को यह बता दिया कि अगर तय तिथि तक दीपक धनगर न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ घर की कुर्की कर दी जाएगी।