Home » वन महोत्सव के तहत प्रदेश में लगाए जाएंगे 25 करोड़ पौधे, आगरा को मिला 1 लाख का लक्ष्य

वन महोत्सव के तहत प्रदेश में लगाए जाएंगे 25 करोड़ पौधे, आगरा को मिला 1 लाख का लक्ष्य

by admin

आगरा। वन महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में 25 करोड़ पौधे लगाए जाने के अभियान की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गुरु पूर्णिमा के दिन पौधा रोपण कर की गयी। रविवार को पूरे प्रदेश के हर जिले में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आगरा जिले में इस अभियान की शुरुआत अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी द्वारा की गई। सिकंदरा के मांगरोल बिचपुरी सहित कई स्थानों पर अपर मुख्य सचिव कृषि ने प्रशासनिक व वन विभाग के अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव कृषि ने पौधारोपण के साथ ही अधीनस्थों को पौधों की देखभाल के लिए उचित निर्देश दिए।

अपर मुख्य सचिव कृषि ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरे प्रदेश में वर्षाकाल 2020 में ‘कुपोषण एवं जैव विविधता’ पर आधारित कार्यक्रम के तहत 25 करोड़ वृक्षारोपण करने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में वृद्ध स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। इस दौरान सीडीओ जे रीभा, डीएफओ मनीष मित्तल, इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस अभियान को आगरा जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी आगे बढ़ाया। रविवार को आगरा महापौर नवीन जैन, आगरा सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर और एत्मादपुर विधायक रामप्रताप सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से पालीवाल पार्क में वृक्षारोपण किया।

महापौर नवीन जैन, सांसद एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर और विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से जनता से आह्वान किया कि हरियाली युक्त शहर बनाने के लिए हमें ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करना चाहिए। क्योंकि अभी मानसून आने वाला है और इस मौसम में लगाए हुए पौधों के जिंदा रहने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा शहर वासी इस अभियान में भाग ले और ट्री गार्ड के साथ पौधारोपण करें। इसके अलावा सभी से यह अनुरोध किया कि जब भी परिवार में कोई भी मांगलिक अवसर जैसे बेटा बेटी का जन्म, विवाह, शादी की सालगिरह आदि विशेष दिन पर हम जो संकल्प लें कि ट्री गार्ड के साथ एक पौधा का रोपण कर इस खुशी के दिन को मनाएंगे।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि शासन द्वारा आगरा नगर निगम को लगभग 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। सभी पार्षदों के सहयोग से घर घर जाकर आगरा वासियों को वृक्षारोपण करने और बच्चे की तरह लगाए गए पौधे की देखभाल करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। महापौर ने अपील की कि शहर की सभी सामाजिक संस्थाओं को भी आगे आकर ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण कर हरियाली युक्त शहर बनाने में अपना योगदान देना होगा। अगर शहर के 20 लाख की आबादी में प्रत्येक एक पौधा लगाने का संकल्प ले ले तो न केवल शहर की काया पलट जाएगी बल्कि पूरा शहर हरियाली युक्त हो जाएगा।

इस मौके पर नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, अपर नगर आयुक्त के बी सिंह, उद्यान विभाग से संजीव वर्मा और वन विभाग अधिकारी मनीष मित्तल, निगम के मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles