Home » दलित की बारात पर हमला, घराती-बराती दोनों पिटे

दलित की बारात पर हमला, घराती-बराती दोनों पिटे

by admin

मथुरा। थाना फरह के सलेमपुर में अनुसूचित जाति की बारात पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। बारात में शामिल महिलाओं को भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने उन्हें खेत में खींचने की कोशिश की। आधा दर्जन बाइक व कारों को तोड़ डाला। इस हमले में जहां एक दर्जन बराती घायल हो गए तो वहीं दूल्हा अपनी जान बचाकर भाग गया। घटना के बाद से दलित समाज के लोगों में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। आपको बता दें कि गोवर्धन के अजय उर्फ़ जितेंद्र पुत्र भीम सिंह की शादी फरह के गांव सलेमपुर में रामस्वरूप की बेटी से होनी थी। सोमवार रात को घुडचढाई हो रही थी। दूल्हे के परिजन और महिलाएं नाच रही थी। आरोप है कि इस बीच ठाकुर जाति के कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। बरातियों ने मना किया तो इसी बात पर युवकों ने कुछ अन्य लोगों को बुलाकर बरातियों पर हमला बोल दिया। इसमें कई बाराती घायल हुए और अफरा-तफरी मच गई।

बरातियों पर हमले की सूचना मिलते ही दुल्हन के पिता रामस्वरूप भाई ओमवीर बनवारी पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें भी पीटा। इसके बाद हमलावर शादी के पंडाल में पहुंच गए और वहां जाकर खड़ी करीब आधा दर्जन मोटरसाइकिल और कार को तोड़ फोड़ दिया। हमलावरों के इस रूख को देखकर बरातियों में खलबली मच गई। हमलावरों ने घराती औऱ बराती किसी को भी नहीं छोड़ा और लाठी डंडों से पीटा। वहीं महिलाओं को खेत में खींच कर ले गए।

थाना प्रभारी आजाद पाल सिंह के अनुसार उन्हें तहरीर दी गई जिसमें बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से हमलावर की बात कही है। पुलिस सुरक्षा में बरात के साथ फेरे भी कराये गए। घायल बाराती-घराती के साथ मारपीट के बीच दूल्हा भाग गया। वहीं दूल्हे के भाई बृजेश, दीपक, काकू, अनिल और दुल्हन के पिता रामस्वरूप बनवारी ओमवीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Comment