
आगरा। नवरात्रों में माता के मंदिर पर नेजा चढ़ा कर आ रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसे में करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया।
थाना शमशाबाद क्षेत्र के भनपुरा गांव पर उस समय चीख – पुकार मच गई। जब श्रद्धालुओं से भरी मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मैक्स में बैठे करीब चालीस लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आठ लोग घायल हो गए। जिसमें दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक थाना फिरोजाबाद के नगला चूरा निवासी श्रद्धालु नवरात्रों में नवमी के दिन शमशाबाद क्षेत्र के काकरपुरा स्थित माता के मंदिर पर नेजा चढ़ाने के लिए आए थे। नेजा चढ़ा कर लौटते समय रास्ते में भनपुरा पर तेज रफ्तार के कहर के चलते मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर में घुस गई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना शमशाबाद पुलिस ने घटनास्थल की तरफ दौड़ लगा दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Be the first to comment