Home » रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मून ब्रेकिंग से रूबरू हुए, जानिए क्या कहा भाजपा के लिए

रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मून ब्रेकिंग से रूबरू हुए, जानिए क्या कहा भाजपा के लिए

by pawan sharma

आगरा। नगर निकाय चुनाव में पार्टी को मजबूती देने और कांग्रेस के मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने रोड शो किया। इस रोड शो की शुरुआत शहीद स्मारक से हुई। सबसे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया और उंहें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद शहीद स्मारक में लगी शहीदों की प्रतिमाओं पर प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और मेयर प्रत्याशी विनोद बंसल ने माल्यार्पण कर शहीद स्मारक से रोड शो की शुरुआत की।

रोड शो में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेसियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रोड पर नजर आ रहे थे। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सांसद राज बब्बर मतदाताओं से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे और जनता से इस बार कांग्रेस का साथ देने की अपील करते रहेे। यह रोड शो शहीद स्मारक से शुरू होकर घटिया बेलनगंज,फुव्वारा, हींग की मंडी, मंटोला होते हुए बिजलीघर अंबेडकर चौक पर समाप्त हुआ।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रोड शो को देखने के लिए आम लोगों की भीड़ जुट गई। लोग घरों की छतों से फूलों के माध्यम से उनका स्वागत कर रहे थे। इस रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मतदाताओं से सिर्फ एक ही अपील की और वह अपील थी कि इस बार कांग्रेस को नगर निकाय चुनाव में मौका दे दो। कांग्रेस मेयर आपके शहर की सूरत बदल कर दिखाएगा।

रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद राज बब्बर मून ब्रेकिंग से रूबरू हुए। मून ब्रेकिंग से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने कांग्रेस मेयर प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए आया हूं। मेरा आगरा से पुराना नाता है और मैं चाहता हूं कि जिस तरह से आगरा का जनमानस मुझ पर विश्वास करता है वैसे ही एक बार मेरे पार्टी के प्रत्याशियों पर विश्वास करके देखें और उनके समर्थन में वोट करें। मून ब्रेकिंग से वार्ता करने के दौरान उन्होंने भाजपा को भी आड़े हाथ लिया उनका कहना था कि नगर निकाय चुनाव में जुमलों की सरकार यानी भाजपा को उसका आईना दिखाना है।

भाजपा ने झूठे वादे करके मतदाताओं के वोट हासिल किए उसी का नतीजा है कि 20 साल में नगर निगम पर भाजपा का कब्जा रहने के बाद भी आगरा शहर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इतना ही नहीं इस जुमले वाली सरकार ने शहर में बन रहे फ्लाईओवर और गंगाजल जैसे प्रोजेक्ट को भी अपना बना लिया है जबकि वह कांग्रेस के शासनकाल में राज बब्बर ने मंजूर कराए थे और तभी से उस पर काम चल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जाते-जाते मतदाताओं से एक बार कांग्रेस का साथ देने की अपील कर गए जिससे इस बार निगम पर कांग्रेस का कब्जा हो सके।

Related Articles

Leave a Comment