Home » नगर निगम के इतिहास में पहली बार महापौर ने किया एकसाथ इतने वार्डों के विकास कार्य का शिलान्यास

नगर निगम के इतिहास में पहली बार महापौर ने किया एकसाथ इतने वार्डों के विकास कार्य का शिलान्यास

by pawan sharma

आगरा। रविवार को आगरा नगर निगम के इतिहास में पहली बार लगभग 50 वार्डों के 55 निर्माण कार्यों का शिलान्यास एक ही छत के नीचे हुआ। निगम द्वारा आगामी दिनों में शहर के कई वार्डों में कराए जाने वाले निर्माण कार्यों से संबंधित शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महापौर नवीन जैन पहुंचे। शिलान्यास से पूर्व सभी दल के पार्षदों और निगम से जुड़े ठेकेदारों द्वारा महापौर नवीन जैन का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत व सम्मान किया गया।

महापौर नवीन जैन ने लगभग 7 करोड़ की धनराशि से शहर के कई वार्डों में होने वाले लगभग 55 निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। महापौर नवीन जैन का कहना था कि आज नगर निगम और आगरा वासियों के लिए यह ऐतिहासिक दिन है जहां पहली बार एक साथ करोड़ों रुपए से होने वाले कई निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। यह आगरा की जनता के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा है।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि उनके महापौर का पद संभालने के बाद से पिछले 15 महीने में आगरा नगर निगम 150 करोड़ से अधिक धनराशि के विकास कार्य शहर में अब तक करा चुका है। आगरा नगर निगम के इतिहास में पहले इतने कम समय में इतना विकास कभी नहीं हुआ। महापौर नवीन जैन ने कहा कि उन्होंने आगरा नगर निगम को होने वाली आय के साधनों पर खासा ध्यान दिया है। चाहे विज्ञापन विभाग हो या कर विभाग, आज इन विभागों से होने वाली आय तिगुनी हो चुकी है। इतना ही नहीं पहले नगर निगम को जुर्माने से कोई आए नहीं होती थी लेकिन आज जुर्माने से भी कई लाख रुपए की आय नगर निगम को हुई है। यही कारण है कि आज हम खुलकर विकास कार्य पर पैसा खर्च कर रहे हैं।

महापौर नवीन जैन ने सभी पार्षदों और निगम से संबंधित काम कराने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपने वार्ड या क्षेत्र में पहले ऐसे कार्य करवाएं जिनमें कोई बहुत बड़ी समस्या व्याप्त हो या पिछले 10-15 सालों से उस वार्ड में कोई काम ना हुआ हो। ऐसे काम को कराने में उन्हें खुशी होगी।

वहीं कार्यकारी मुख्य अभियंता निर्माण ए के सिंह ने कहा कि यह महापौर नवीन जैन के अथक प्रयासों से ही संभव हुआ है कि आगरा नगर निगम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ। हम महापौर को यह विश्वास दिलाते हैं कि सभी निर्माण कार्य बेहतरीन गुणवत्ता के साथ संपन्न होंगे।

इस मौके पर मंचासीन अथितियों में पार्षद दल के उपनेता मोहन सिंह लोधी, राकेश जैन, प्रकाश केशवानी, प्रदीप अग्रवाल, रवि माथुर, धर्मवीर, सविता अग्रवाल, शोभा राम राठौर, हेमेंद्र पाल सिंह, कार्यकारिणी उप सभापति शरद चौहान के अलावा नित्य प्रकाश निमेष, अमित दिवाकर, नेहा गर्ग, राधिका अग्रवाल, सुषमा जैन, मुकुल गर्ग आदि समस्त पार्षद मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment