आगरा। युवतियों के साथ छेड़खानी मामले में शोहदों और दबंगों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है। दबंग शोहदों ने एक छात्रा और उसके परिवार को बुरी तरह से पीटा है। इस क्षेत्र की निवासी कोमल (काल्पनिक नाम) को कॉलेज जाते समय दो दबंग शोहदे सौरभ और सचिन उसके साथ छेड़खानी करते थे लेकिन इस छेड़खानी को कोमल ने कई बार नजर अंदाज कर दिया। जिसके चलते दबंग शोहदों के हौसले और बढ़ गए।
शाम को कोमल के घर के बाहर बंधे पालतू श्वान को सचिन, सौरव और अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे परेशान किया जा रहा था जिस पर कोमल घर से बाहर निकल कर आई और श्वान को परेशान न करने के लिए मना किया तो वह युवती को धमकाने लगे जिसके बाद विवाद हुआ। विवाद की आवाज की सुनकर कोमल के परिवार के लोग बाहर आये तभी दोनों दबंग सौरभ और सचिन ने कोमल और उसके मम्मी पापा को पीटना शुरू कर दिया। दबंग मनचलो द्वारा की गयी पिटाई से कोमल के पिता के चोटें आई है।
युवती के मुताबिक़ दोनों लड़के उसे कालेज जाते समय परेशान करते थे और फ्रेंडशिप करने का दबाब बनाते थे लेकिन कल घर आकर हम लोगों को मारा है। पीड़ित युवती ने इस मामले में थाना न्यू आगरा में दबंग शोहदों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्यवाई शुरू हो चुकी है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।