Home » शहीदों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा

शहीदों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा

by pawan sharma

आगरा। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि देने और इस हमले का विरोध करने के लिए महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शहीदों के सम्मान और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत नगर निगम प्रांगण से की गई जो एमजी रोड होते हुए भगवान टॉकीज चौराहे पर जाकर समाप्त हुई। इस तिरंगा यात्रा में महापौर के साथ साथ नगर निगम के सभी राजनैतिक दल के पार्षदों, विभिन्न पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ साथ सैकड़ों की संख्या में आम जनमानस ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व महापौर नवीन जैन ने किया।

महापौर नवीन जैन राष्ट्रीय ध्वज लेकर आगे चल रहे थे तो पीछे सैकड़ों आम जनमानस के साथ साथ पार्षदों के हाथ मे तिरंगा था और हर कोई पाक मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। नगर निगम से शुरू हुई यात्रा भगवान टॉकीज पहुंचते-पहुंचते यह यात्रा विशाल जनसैलाब में बदल गयी। मानो कि हर कोई इस घटना से आक्रोशित हो और इस तिरंगा यात्रा में शामिल होकर पाक के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रहा हो। यात्रा निकलने के दौरान ट्रैफिक भी जहां का तहां रुक गया और एमजी रोड पर इस यात्रा को देख रहे राहगीर भी जोश में आकर खुद को न रोक पाए और शहीदों के सम्मान में नारेबाजी करने लगे। इतना ही नहीं पैदल गुजर रहे कई राहगीर भी इस तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनते गए।

भगवान टॉकीज चौराहे पर यह तिरंगा यात्रा पहुंची जहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। महापौर नवीन जैन के साथ वहां मौजूद सभी ने 2 मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान महापौर ने सभी को संबोधित किया। महापौर नवीन जैन ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। महापौर नवीन जैन दो टूक शब्दों में कहा कि यह कायराना हमला है। आतंकी भारतीय सेना से आमने सामने की लड़ाई लड़े तो भारतीय सेना उन्हें उनकी औकात दिखा देगी। महापौर नवीन जैन ने भारत सरकार से मांग की है कि पाक को भारत की ताकत का एहसास कराने के लिए एक बार फिर पाक में सर्जिकल स्ट्राइक होनी चाहिए जिससे पाक को उसकी औकात पता चल सके। क्योंकि देश में आतंकी हमले पाक सरकार के इशारे पर हो रहे हैं।

इस मौके पर पार्षद दल के उपनेता मोहन सिंह लोधी, प्रदीप अग्रवाल, आशीष पाराशर, सविता अग्रवाल, विवेक तोमर, राकेश जैन, फौरन सिंह, मुकेश यादव, बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष बृजकिशोर अग्रवाल, कैलाश मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध भदौरिया, भरत शर्मा, युवा वैश्य एकता परिषद अध्यक्ष विनय अग्रवाल, नेहा गर्ग, राधिका अग्रवाल, सुषमा जैन, संजय राय, नागेश शर्मा, गोविंद चाहर, भाजयुमो मंत्री आशु शर्मा, ममता सिंघल, रिंकू जैन, पंकज माहौर, राहुल चौधरी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment