Home » चूड़ी श्रमिकों की मांग को लेकर हुई जिला प्रशासन की बैठक, आम सहमति से लिये गए ये निर्णय…

चूड़ी श्रमिकों की मांग को लेकर हुई जिला प्रशासन की बैठक, आम सहमति से लिये गए ये निर्णय…

by pawan sharma

फिरोजाबाद। चूड़ी श्रमिकों के चल रहे प्रदर्शन और उनकी वास्तविक स्थिति को लेकर डीएम सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में एक बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें जनपद फिरोजाबाद के सभी श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि व सेवायोजक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा बिन्दुवार अपनी मांग और समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। सभी की मुख्य मांगे यह थी कि चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों के सम्बन्ध में उनके वेतन वृद्धि पर पुनः विचार हो और उन्हें बढ़ा हुआ वेतन मिले।

बैठक के दौरान श्रम विभाग ने जिलाअधिकारी को बताया कि शासन द्वारा वर्तमान वर्ष के लिए चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों के लिए वेतन वृद्धि प्रति 100 तोड़ा धनराशि रूपया 2050/- लागू कर दी गयी है। हाल ही में जुड़ाई श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए समझौते के आधार पर धनराशि रूपया 50/- प्रति सौ तोड़ा की अतिरिक्त वृद्धि कर दी गयी है। ऐसे में प्रति 100 तोड़ा धनराशि रूपया 2100/- वेतन दर लागू है।

इस बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा ने भी चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की वेतन पुनरीक्षण के सम्बन्ध में चिन्ता व्यक्त की और कहा कि इस सम्बन्ध में उनके द्वारा शासन स्तर पर भी श्रमिकों की वर्तमान माॅगों को सक्षम स्तर पर रखा जा रहा है।

उपस्थिति गणमान्य व्यक्तियों व श्रमिक प्रतिनिधियों ने उक्त वृद्धि को आर्थिक दृष्टि से कम बताया जिसके बाद जिलाधिकारी ने श्रमिको की आर्थिक स्थिति का सर्वे कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिए पक्षों की सहमति के आधार पर वेतन वृद्धि के आंकलन हेतु कमेटी का गठन किया जायेगा।

कमेटी में सहायक श्रम आयुक्त, जीएमडीआईसी, श्रमिक प्रतिनिधि के रूप में दो सदस्य (चूड़ी जुड़ाई कार्य करने वाले) सेवायोजक प्रतिनिधि के रूप में दो सदस्य, वाणिज्य कर विभाग से सहायक आयुक्त वाणिज्य कर शामिल होगें। उक्त कमेटी 15 दिवसों के अन्दर सर्वे कर डीएम के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जिस पर विचारोपरान्त डीएम की संस्तुति पर उक्त रिपोर्ट श्रमायुक्त-शासन को प्रेषित की जायेगी। जिससे उक्त कार्य में लगे चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की स्थिति को बेहतर बनाया जा सके। श्रमिक प्रतिनिधियों, गणमान व्यक्तियों द्वारा सफेद मिट्टी का तेल उपलब्ध कराये जाने के सम्बन्ध में कथन कहे गये। जिस पर उन्हे अवगत कराया गया कि उक्त के सम्बन्ध में शासन स्तर को पत्र प्रेषित कर दिये गये हैं।

श्रमिक पक्ष ने चूड़ी जुड़ाई का काम कारखाना परिसर में ही कराये जाने की मांग की गयी। जिसके सम्बन्ध में निर्देषित किया गया कि उक्त बिन्दु का चिन्हाकन सर्वे में किया जाये। चटक, भगार आदि की कटौती न किये जाने पर सेवायोजक सहमत हुआ। यह भी निर्देष दिये गये कि उक्त कमेटी चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों के आॅनलाइन वेतन भुगतान के सम्बन्ध में किसी एक चूड़ी कारखाने में सर्वे करेगी। जिसके उपरान्त रिपोर्ट के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। डीएम से उक्त मामले में जनपद की स्थिति से अवगत कराने हेतु पार्षदगण भी उपस्थित हुये।

सभी के द्वारा आश्वस्त किया गया कि चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को वेतन वृद्धि कुल धनराशि रूपये 2100/- प्रति 100 तोड़ा पर सभी जुडाई श्रमिकों को अपने-अपने वार्डो में जागरूक व सहमत करेगें। साथ ही सर्वे के बारे में भी अवगत करागें। इस परकार जनपद की स्थिति को शान्तिपूर्ण व यथावत बनाये जाने में सहयोग प्रदान किया जायेगा। जिसके लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) द्वारा कारखानेदारों व चूॅड़ी जुडाई कार्य में आने वाले श्रमिकों को काम पर वापस आने में किसी भी प्रकार के गतिरोध व बाधा उत्पन्न होने पर पुलिस के सहयोग की बात कही गयी। साथ ही जन सहयोग व सभी के साथ शाॅन्तिपूर्ण काम पर वापस लौटने की अपील की गयी। डीएम द्वारा सभी श्रमिक संगठनों से अपील की गयी कि समस्त जुड़ाई श्रमिक काम पर वापस लौटे। सेवायोजक पक्ष को कड़ाई से निर्देशित किया गया कि अपने स्तर से भी वर्तमान वेतन दर धनराशि रूपया 2100/- को शत् प्रतिशत भुगतान करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की दशा में कठोर कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, फिरोजाबाद, उप श्रमायुक्त आगरा क्षेत्र आगरा पुलिस उपाधीक्षक उप श्रम आयुक्त आदि उपस्थिति रहे। सेवायोजक प्रतिनिधियों के रूप में अनिल जैन, राकेश कुमार अग्रवाल, पीके जिन्दल, लवकेश जैन, प्रमोद जैन उपस्थित हुये। श्रमिक पक्ष की ओर से महेश चन्द्र शंखवार, बाबूराम निशंक, राम प्रकाश निडर, सकील हाजी, धर्म सिंह यादव, रमेश भण्डारी, बृजेश प्रधान, राधा शंखवार, अनिल दीक्षित, सोनेश कुमार उर्फ सोनू चक, पप्पू अब्बासी, योगेश शंखवार, भूरी सिंह यादव एवं योगेश शंखवार व अन्य पार्षदगण उपस्थित रहे। सभी ने जनपद में औद्योगिक स्थिति शांतिपूर्ण व सामान्य बनाये जाने में सहयोग का आश्वासन दिया जिसके उपरान्त बैठक समाप्त कर दी।

Related Articles

Leave a Comment