Home » अमन-चैन की दुआ के साथ ताजमहल और मस्जिदों में अता हुई नमाज़

अमन-चैन की दुआ के साथ ताजमहल और मस्जिदों में अता हुई नमाज़

by pawan sharma

आगरा। आज देशभर में ईद-उल-फ़ितर का त्योहार बड़े ही हर्षो उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आगरा शहर की ईदगाह, जामा मस्जिद और ताजमहल में तय समय के अनुसार ईद-उल-फ़ितर की नमाज अदा हुई। भारी संख्या में मस्जिदों में पहुँचे मुस्लिम समाज ने ईद उल फितर की नमाज पढ़कर खुदा की इबादत की और देश में भाईचारा व अमन चैन बना रहे इसकी दुआ मांगी। ईद की नमाज के दौरान किसी तरह का विवाद और ट्रेफिफ जाम न हो इसके लिए भारी संख्या में मस्जिदों, उसके आसपास की रोड और चौराहों पर पुलिस कर्मियों को लगाया गया था।

नमाज अता हो जाने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। ईद के दौरान शहर की मस्जिदों पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजनैतिक लोग, जनप्रतिनिधि व विभिन्न सामाजिक संगठन के लोग मौजूद रहे। सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर हिन्दू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

ईदगाह मस्जिद पर सुबह 7:15 बजे, जामा मस्जिद में 7:45 और उसके बाद ताजमहल पर ईद-उल-फ़ितर की नमाज अता की गई। मंगलवार को बिजलीघर स्थित जामा मस्जिद में हिलाल कमेटी की बैठक में हुई जिसमें शहर मुफ्ती ने चांद दिखने का ऐलान किया और बुधवार को ईद मनाये जाने की घोषणा हुई। चांद दिखने की घोषणा होने पर समाज के लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मुस्लिम समाज के लोगों ने बताया कि पहली बार यह दिन 624 ईस्वी में मनाया गया था। पैगम्बर हजरत मुहम्मद ने बद्र के साथ युद्ध किया और इस युद्ध में पैगम्बर हजरत मोहम्मद की जीत हुई, इस ख़ुशी में पहली बार ईद उल फितर त्यौहार मनाया गया। रमज़ान के पूरे महीने में मुसलमान रोज़े रखकर पूरा महीना अल्लाह की इबादत में गुज़ार देते हैं। रमजान के 29 व 30वें दिन ईद उल फितर मनाई जाती है।

मुस्लिम समाज के लोगों का कहना था कि समाज के लिए यह सबसे पवित्र महीना माना जाता है। रोजेदार पूरे महीने रोजे रखते है। आज सभी लोगों ने एक साथ खुदा की इबादत की है और खुदा से देश में अमन चैन की दुआ मांगी है।

ईदगाह मस्जिद पर पहुँचे सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सभी मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी और सभी इस इस त्योहार को मिलजुल कर मनाने की अपील की। एसएसपी अमित पाठक ने भी पुलिस प्रशासन की ओर से ईद की बधाई दी। उन्होंने बताया कि ईद के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है जिससे किसी भी प्रकार की विवादास्पत स्थिति पैदा न हो।

Related Articles

Leave a Comment