आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र के MP पुरा इलाके में एक नशेबाज युवक ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह की है। पत्नी के चीख़ने की आवाज सुनकर जब तक पड़ौसी इकट्ठे हुए तब तक नशेबाज पति अपनी पत्नी की हत्या कर चुका था।
बताया जाता है कि वंशी नाम के युवक की शादी झारखंड की रहने वाली युवती से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर वाद विवाद होता रहता था। इस मामले में युवती ने अपने पति के खिलाफ झारखंड में 498 ए यानी दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज करा रखा था। वंशी शराब पीने का आदी था जो अक्सर झगड़ा करता रहता था।
गुरुवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक नशे में धुत वंशी का उसकी पत्नी से झगड़ा हुआ और उसके बाद वंशी ने अपनी पत्नी की संबल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या की जानकारी होते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ आरोपी पति को भी हिरासत में ले लिया।
सीओ सदर उदय राज का कहना है कि हत्यारोपी वंशी से आला कत्ल बरामद हो गया है जिसके खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
जनपद आगरा में पिछले एक महीने में ये छठवां मामला है पति पत्नी के बीच आपसी विवाद या अवैध संबंधों के चलते एक और हत्या को अंजाम दिया गया है। इससे पहले पांच मामलों में पत्नी के अवैध संबंधों के चलते पति को मौत के घाट उतार दिया गया था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।