Home » बुलेट की मांग पर अड़ा दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इनकार 

बुलेट की मांग पर अड़ा दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इनकार 

by admin

आगरा। दहेज़ मागने वालो पर कठोर सजा का प्रावधान होने के बाद भी शादियों में दहेज की डिमांड का चलन खत्म नहीं हो रहा है। शादी के दौरान दूल्हे की डिमांड उस समय पूरी बारात पर भारी पड़ गई, जब उसने दरवाजे की रस्म के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर डाली। लड़की पक्ष ने इस मांग को पूरा करने के लिए इंकार कर दिया। कई घंटे पंचायत चली तो लड़की ने हिम्मत दिखाई और शादी करने से ही इन्कार कर दिया। बारात बैरंग लौट गई। लड़की की इस हिम्मत की पूरे क्षेत्र में तारीफ हो रही है।

एत्मादपुर के गांव कुबेरपुर से बरहन के गांव बाडिया में एक बारात आई। बारात चढ़कर दरवाजे पर पहुंची, दरवाजे की रस्म चल रही थी। उसी दौरान अचानक दूल्हे की नजर दहेज में मिलने वाली मोटरसाइकिल पर पड़ी। मोटरसाइकिल देखकर दूल्हा उखड़ गया। दरवाजे की रस्म को बीच में ही छोड़कर उसने लड़की पक्ष से कहा कि उसे बुलेट मोटरसाइकिल चाहिए, ये बाइक नहीं। लड़की पक्ष हैरान रह गया। दूल्हे को मनाने के लिए सभी ने हाथ पैर जोड़े लेकिन, दूल्हा नहीं माना। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई तक हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।

मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों में पंचायत हुई लेकिन, पंचायत का कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने स्तर से फैसला करने की इजाजत भी दी। रविवार को भी पंचायत का दौर चलता रहा। लेकिन, लड़का पक्ष किसी भी हाल में ये शादी करने को तैयार नहीं हुआ जिसके बाद लड़की ने भी लड़के को सबक सिखाने की ठान ली है।

Related Articles

Leave a Comment