Home » आगरा में होने जा रहा है ABVP का 65 वां राष्ट्रीय अधिवेशन

आगरा में होने जा रहा है ABVP का 65 वां राष्ट्रीय अधिवेशन

by admin

आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने वर्ष भर में किये जाने वाले कार्यों की समीक्षा एवं रूपरेखा बनाने के लिए हर वर्ष राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करता है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 65 वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में आयोजित होगा। जिसमें देशभर के लगभग 2000 (छात्र- छात्रा, शिक्षक, शिक्षाविद) कार्यकर्ता भाग लेंगे। आगरा के एमजी रोड स्थित आगरा कॉलेज मैदान पर 65 वें अधिवेशन का आयोजन दिनांक 22 नवंबर 2019 से 25 नवंबर 2019 तक किया जायेगा।

अधिवेश में विभिन्न राज्यों की कला-संस्कृति, वेश-भूषा और भाषा की झलक एक लघु भारत के रूप में दिखाई देगी। इस अधिवेशन में सार्वजनिक कार्यक्रम, युवा पुरस्कार समारोह, प्रस्ताव सत्र के अतिरिक्त धारा 370, NRC, राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर विद्यार्थी परिषद का संघर्ष व चिन्तन, भविष्य का भारत, संगठन विस्तार, कार्यपद्धति, महिला विमर्श, परिषद की गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भाषण एवं चर्चाओं के विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। अधिवेशन में आगरा और बृज की गौरवशाली एवं ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाते हुए समाज व छात्रों के लिए प्रेरणा देने वाली आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जोकि अधिवेशन के प्रतिनिधियों के अलावा छात्रों और अन्य आगंतुकों के लिए भी खुली रहेगी।

विद्यार्थी परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा ने बताया कि आगरा में होने वाले अधिवेशन को बेहद ही भव्य और आकर्षक बनाया जायेगा। विद्यार्थी परिषद का यह अधिवेशन समाज और छात्रों के लिए प्रेरणा का स्वरूप बनकर उभरेगा। तमाम समसामयिक एवं शैक्षणिक मुद्दों के मंथन के साथ ही अधिवेशन में छात्रों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
छात्रों के अंदर राष्ट्र निर्माण का भाव जागृत करने के साथ- साथ समाज के लिए भी सेवा भाव विकसित करने का काम इस अधिवेशन के द्वारा किया जायेगा।

प्रांत संगठन मंत्री जयकरण ने बताया कि बृज की पावन भूमि आगरा में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में देश की युवा तरूणाई में भारत को पुनः विश्वगुरू बनाने के संकल्प को और दृढ़ करेगा। राष्ट्रीय महत्व के इस ऐतिहासिक आयोजन हेतु भगवान श्री कृष्ण की धरती पर वर्ष 1987 के बाद दूसरी बार यह आयोजन हमारे विशेष गौरव को रेखांकित करेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अधिवेशन में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, एवं राष्ट्रीय विषयों पर चिंतन किया जायेगा। विद्यार्थी परिषद आशा करता है कि समाज के हर वर्ग, हर समुदाय का एक विशेष सहयोग इस अधिवेशन को ऐतिहासिक एवं आकर्षक बनाने का काम करेगा। जिसके द्वारा पूरे देश भर से आने वाले लोगों के अंदर आगरा की एक विशेष स्मृति निर्मित होगी।

वार्ता में मुख्य रूप से क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा, प्रान्त संगठन मंत्री जयकरन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अमित अग्रवाल, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन पंडिता, धीरज शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment