Home » ताज़महल के आस-पास पर्यटकों को फ़ील गुड़ कराने के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने किया इन योजना का शिलान्यास

ताज़महल के आस-पास पर्यटकों को फ़ील गुड़ कराने के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने किया इन योजना का शिलान्यास

by pawan sharma

आगरा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने आज ताज महल के पूर्वी गेट पर स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पर स्थायी छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी रेवती के बाड़े से ताज पूर्वी गेट तक बनाए गए कवर्ड गलियारे में लगाई गई है। इसमें ताज के पुराने चित्र, समय-समय पर स्मारक में हुए संरक्षण के चित्र भी लगाए गए हैं। आगरा के मुख्य स्मारकों के चित्र भी लगाये गए हैं। इससे पर्यटक स्मारक में प्रवेश से पूर्व ही ताज के बारे में काफी कुछ जान सकेंगे। इस पर करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए हैं।

आज से पर्यटक इस गैलरी में होते हुए ताज में प्रवेश करेंगे। इससे सड़क पर भीड़ भी नहीं रहेगी। इसके साथ ही किला और ताजमहल के बीच यमुना किनारा पर हेरिटेज कॉरिडोर पर बड़ा उद्यान विकसित करने की तैयारी है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने इस योजना का शिलान्यास किया।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि तीन मार्च तक यहां हरियाली विकसित हो जानी चाहिए। उन्होंने कॉरिडोर स्थल पर पाथवे को कच्चा बनाने की जगह इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने को कहा। एम्फी थिएटर बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। वहीं कॉरिडोर के बीच में से होकर गुजर रहे नाले को पाइप डालकर कवर करने को कहा। इसे दो पार्ट्स में बांट कॉरिडोर एक हो जाएगा।

लंबे इंतजार के बाद एएसआई को प्रशासन द्वारा 20 एकड़ जगह चिह्नित कर दी गई थी। एएसआई ने यहां हरियाली के विकास को प्रोजेक्ट ‘इन्वायरमेंटल डवलपमेंट ऑफ गार्डन एट ताज कॉरिडोर एरिया बिटवीन आगरा फोर्ट एंड ताजमहल’ पर काम शुरू किया है। यहां मुगलकालीन चारबाग पद्धति पर हरियाली विकसित की जाएगी। इसमें बीच में घास और किनारों पर पौधे होंगे। सैलानियों के भ्रमण को चार मीटर चौड़े पाथवे और तीन मीटर चौड़े सबवे बनाए जाएंगे। यहां किसी भी तरह का पक्का निर्माण नहीं होगा। कॉरिडोर पर जो पौधे लगाए जा रहे हैं उनमें रात की रानी, चमेली, मोतिया, कनेर, मुराया, बेला, हेमेलिया, तिकोमा आदि हैं। इनके साथ श्रब्स और लॉन में घास लगाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment